तेज रफ्तार ब्रेजा पलटी, ड्राइवर गिरफ्तार
प्रयागराज 11 नवंबर (आरएनएस )। करेली थाना क्षेत्र में फिर तेज कार ने सड़क किनारे जा रहीं 2 महिलाओं को रौंद दिया। इसी बीच कार बीच सड़क पलट गई। हादसे में एक 50 साल की महिला विमला देवी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी महिला घायल है। जबकि मौका पाकर ड्राइवर भाग गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार विमला देवी नया पुरवा करेली में रहती थी। उनके पति की भी मौत हो चुकी है। उनके दो बेटियां हैं। वह जीटीबी नगर में लोगों के घरों में काम करती थीं। विमला मंगलवार सुबह करीब 10 बजे काम पर जा रही थीं। उसी समय डॉ. जुबैर का ड्राइवर भी घर का सामान लेने के लिए नीचे उतरा। उसने घर के बाहर खड़ी कार को स्टार्ट करने के लिए चाबी लगाई और अचानक से पैर पर एक्सीलेटर रख दिया। इसके बाद अचानक से कार आगे बढ़ गई और सामने से आ रही दो महिलाओं को रौंदते हुए पलट गई। हादसे के बाद आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची करेली थाना पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार हादसे में शामिल ग्रैंड विटारा कार डॉ. जुबैर अहमद नाम पर रजिस्टर्ड है, जो करेली इलाके के ही रहने वाले हैं। डॉ. जुबैर काल्विन हॉस्पिटल में फिजिशियन हैं।
डॉक्टर जुबैर ने पुलिस को बताया है कि गाड़ी ऑटोमैटिक थी। उन्होंने आशंका जताई है कि ड्राइवर इसे समझ नहीं पाया और गाड़ी स्टार्ट करते ही उसने एक्सीलेटर पर पैर दिया होगा। जिस वजह से हादसा हुआ होगा।
करेली एसीपी राजकुमार मीना ने बताया- घटना के वक्त कार डॉक्टर जुबैर का ड्राइवर चला रहा था। आरोपी ड्राइवर को ट्रेस करने के बाद हिरासत में लिया गया है। मृतका के परिवार वाले आ गए हैं और उनसे तहरीर लेकर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

