हर जगह चेकिंग, संदिग्ध दिखे तो 112 पर सूचना दें
प्रयागराज 11 नवंबर (आरएनएस )। दिल्ली में धमाका होने के बाद अब प्रयागराज में भी हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। पूरे जिले में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। रेलवे स्टेशन, बस अड्डे और बाकी भीड़भाड़ वाले इलाकों में पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट मोड में हैं। बम स्क्वॉड और डॉग स्क्वॉड की टीम हर जगह चेकिंग कर रही हैं।
रेलवे स्टेशनों पर आने-जाने वाली हर ट्रेन की जांच हो रही है। यात्रियों के बैग स्कैनर से गुजरकर चेक किए जा रहे हैं। स्टेशन पर प्लेटफॉर्म से लेकर ट्रेन के डिब्बों तक पुलिस नजर रख रही है।
इसी तरह बस अड्डों पर भी डॉग स्क्वॉड की टीमें एक्टिव हैं। हर बस को रोका जा रहा है। ड्राइवर-कंडक्टर से पूछताछ हो रही है और हर सीट के नीचे तक जांच हो रही है। बस चालकों और ऑपरेटरों को कहा गया है कि कोई संदिग्ध व्यक्ति बस में सवार न हो। शहर के बाकी हिस्सों में भी सुरक्षा बढ़ा दी गई है। संगम घाट, हनुमान मंदिर और बाजारों में पुलिस गश्त कर रही है। ड्रोन कैमरों से निगरानी की जा रही है। अफसरों का कहना है कि दिल्ली की घटना को बहुत गंभीरता से लिया जा रहा है और किसी भी खतरे को हलके में नहीं लिया जाएगा। लोगों से अपील है कि अफवाहों पर ध्यान न दें अगर कुछ संदिग्ध दिखे तो तुरंत 112 पर सूचना दें। पुलिस स्टेशन और रेलवे में सीसीटीवी फुटेज लगातार खंगाले जा रहे हैं।
मंगलवार शाम तक प्रयागराज में कोई संदिग्ध सामान नहीं मिला है। हालांकि सावधानी के तौर पर यह अलर्ट 48 घंटे तक जारी रहेगा। होटलों, धर्मशालाओं और गेस्ट हाउसों में भी जांच बढ़ा दी गई है। बिना आईडी किसी को ठहरने की अनुमति नहीं है। पूरे शहर में पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां 24 घंटे एक्टिव मोड में हैं। सड़कों पर बैरिकेडिंग लगाकर गाडिय़ों और लोगों की चेकिंग की जा रही है।
बाक्स
फोटो
दिल्ली में विस्फोट के बाद इलाहाबाद हाईकोर्ट की सुरक्षा कड़ी
बम निरोधक दस्ते ने की परिसर में जांच, वाहनों की चेकिंग, एंट्री पर सख्ती
प्रयागराज(आरएनएस )। राजधानी दिल्ली में हुए ब्लास्ट के बाद इलाहाबाद हाईकोर्ट परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन और पुलिस पूरी तरह सतर्क हो गई है। संभावित सुरक्षा खतरे को देखते हुए हाईकोर्ट परिसर और उसके आसपास के इलाकों में सुरक्षा के सख्त इंतजाम किए गए हैं। मंगलवार सुबह से ही हाईकोर्ट के सभी प्रवेश द्वारों पर पुलिस बल की तैनाती बढ़ा दी गई है और हर आने-जाने वाले व्यक्ति की गहन जांच की जा रही है।
इसी को लेकर इलाहाबाद हाईकोर्ट पर पुलिस, सीआरपीएफ और बम निरोधक दस्ते (बॉम्ब डिस्पोजल स्क्वॉड) की टीमों ने संयुक्त रूप से सुरक्षा जांच अभियान चलाया गया। हाईकोर्ट के मुख्य और सहायक गेटों पर लगने वाली लंबी कतारों में प्रत्येक व्यक्ति की जांच की जा रही है। वकील, कर्मचारी और वादकारी सभी की एंट्री केवल पहचान पत्र या पास दिखाने के बाद ही दी जा रही है। सुरक्षा कर्मियों ने संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए सीसीटीवी कैमरों की मॉनिटरिंग भी तेज कर दी है।
हाईकोर्ट परिसर के बाहर खड़ी सभी गाडिय़ों की भी बारीकी से जांच की जा रही है। बम निरोधक दस्ते ने पार्किंग क्षेत्र और गेटों के आसपास सर्च ऑपरेशन चलाया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि किसी भी प्रकार की अफवाह या अनहोनी की स्थिति से निपटने के लिए त्वरित कार्रवाई बल को भी तैयार रखा गया है।
सीआरपीएफ के जवानों ने पूरे परिसर में गश्त बढ़ा दी है और मुख्य प्रवेश द्वारों पर मेटल डिटेक्टर से जांच की जा रही है। वहीं, पुलिस अधिकारी लगातार निगरानी कर रहे हैं ताकि किसी भी स्थिति में सुरक्षा चूक न हो।
सुरक्षा के इन कड़े प्रबंधों के कारण हाईकोर्ट आने-जाने वाले लोगों को कुछ असुविधा का सामना करना पड़ा, लेकिन सभी ने सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए पुलिस की इस मुहिम का समर्थन किया। प्रशासन ने साफ कहा है कि जब तक स्थिति पूरी तरह सामान्य नहीं हो जाती, तब तक हाईकोर्ट में सुरक्षा का यह कड़ा पहरा जारी रहेगा।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

