रुद्रपुर,11 नवंबर (आरएनएस)। कोतवाली पुलिस ने लाखों रुपये के चोरी किए गए जेवरात के साथ आरोपी प्लंबर को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने अपने साथी के साथ घर की टंकी की मरम्मत के बहाने चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। सीओ प्रशांत कुमार ने बताया कि प्रीत विहार पंचवटी कॉलोनी निवासी नरेश कोली ने पुलिस को तहरीर देकर बताया था कि दो नवंबर को प्लंबर यामीन अंसारी अपने साथी आशु मियां के साथ उनके घर की टंकी की मरम्मत के लिए आया था। यामीन ने उन्हें मरम्मत का सामान लाने को कहा, जिस पर वह बाजार चले गए। इस बीच उनकी पत्नी घर के बाहर काम कर रही थी। मौके का फायदा उठाकर यामीन और उसका साथी आशु घर में घुस गए और अलमारी का लॉकर तोड़कर लाखों रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवर चुरा लिए। सीसीटीवी फुटेज में दोनों आरोपी कमरे में जाते हुए दिखाई दिए। पुलिस ने जांच के बाद यामीन अंसारी पुत्र अजमत अली निवासी प्रीत विहार को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी के जेवर बरामद कर लिए हैं। आरोपी को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

