देहरादून,11 नवंबर (आरएनएस)। दिल्ली बम धमाके की घटना के बाद मंगलवार को कांग्रेस मुख्यालय में प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने जान गंवाने वाले लोगों को श्रद्धांजलि दी। इस घटना को सुरक्षा में चूक की वजह से होना बताया और राष्ट्रीय सुरक्षा पर सवाल उठाए। प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मौन रखकर दिवंगत आत्माओं को श्रद्धांजलि अर्पित की और घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की। महापौर प्रत्याशी रहे वीरेंद्र पोखरियाल ने कहा कि देश की राजधानी के हृदयस्थल लालकिले जैसे उच्च-सुरक्षा क्षेत्र में बम धमाका होना, केंद्र सरकार की गंभीर सुरक्षा विफलता को उजागर करता है। यह केवल खुफिया एजेंसियों की चूक नहीं, बल्कि सरकार की संवेदनशीलता और तत्परता पर प्रश्नचिह्न है। पूर्व महानगर अध्यक्ष लालचंद शर्मा ने कहा कि केंद्र सरकार को इस घटना की जवाबदेही तय करनी चाहिए, क्योंकि यह घटना देश की जनता में भय और असुरक्षा का वातावरण पैदा करती है। कांग्रेस मुख्य प्रवक्ता गरिमा मेहरा दसौनी ने मांग की कि राष्ट्रीय सुरक्षा तंत्र की समग्र समीक्षा की जाए, खुफिया तंत्र की कमियों को उजागर करने वाली स्वतंत्र जांच समिति गठित हो, और पीडि़त परिवारों को तत्काल सहायता व न्याय सुनिश्चित किया जाए। इस दौरान देवेंद्र सिंह, संजय कनौजिया, महिपाल शाह, ओम प्रकाश सती, शीशपाल बिष्ट, महेश जोशी, सुलेमान अली, मोहन कुमार काला, कैलाश वाल्मीकि, दीपक पंवार, संजय बिड़ला, ललित बद्री, वीरेन्द्र पंवार, शरीफ़ अहमद बेग, मौनी मेहता, सूरज क्षेत्री, अनिल बागड़ी, संजय थापा, शुभम चंद, हर्ष बागड़ी, वैभव सोनकर, हरजिंदर सिंह लक्की, प्रवीन नौटियाल, विकास शर्मा, मनमोहन शामिल रहे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

