ऋषिकेश,11 नवंबर (आरएनएस)। अठूरवाला के ग्रामीणों ने मंगलवार को एयरपोर्ट विस्तारीकरण के विरोध में धरना प्रदर्शन किया। उन्होंने सरकार से हिमालयन चौक से लेकर पुलिस चौकी जौलीग्रांट तक सर्किल रेट एक समान करने, छूटे हुए परिवारों को विस्थापन प्रक्रिया में शामिल करने की मांग की। चेतावनी दी है कि जमीन के बदले जमीन नहीं दी गई तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। मंगलवार को जोगियाना अठूरवाला में अठूरवाला संघर्ष समिति के बैनर तले ग्रामीणों ने धरना प्रदर्शन किया। समिति अध्यक्ष मनजीत साजवान ने कहा कि अठूरवाला में टिहरी विस्थापितों को फिर से जौलीग्रांट एयरपोर्ट विस्तारीकरण के नाम पर हटाया जा रहा है। अठूरवाला के लोग वर्षों से विकास की कीमत अपने घरों और ज़मीन से चुका रहे हैं। अब यह सिर्फ विस्थापन नहीं, अस्तित्व की लड़ाई बन चुकी है। सरकार को समझना होगा कि जनता के सहयोग के बिना कोई परियोजना सफल नहीं हो सकती। हम विकास के विरोधी नहीं हैं, परंतु सम्मानजनक पुनर्वास और उचित मुआवज़ा हमारा अधिकार है। जब तक सरकार ठोस निर्णय नहीं लेती, तब तक हमारा आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि एयरपोर्ट विस्तारीकरण के लिए अधिग्रहीत भूमि के बदले प्रत्येक विस्थापित परिवार को भूमि दी जाए, ताकि परिवारों को पुन: बसने में कोई कठिनाई न हो। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि हिमालयन चौक से लेकर पुलिस चौकी जौलीग्रांट तक सर्किल रेट एक समान किया जाए, जिससे मुआवज़े में किसी तरह का भेदभाव न रहे। कहा कि छूटे हुए नौ परिवारों को अधिग्रहण प्रक्रिया में सम्मिलित किया जाए, ताकि कोई भी प्रभावित परिवार पुनर्वास से वंचित न रह जाए। कहा कि अधिग्रहण के पश्चात नए मकान, दुकान, बारात घर या होमस्टे निर्माण के दौरान नक्शे की स्वीकृति में छूट दी जाए, जिससे विस्थापित लोग जल्दी पुनर्निर्माण कर सकें। उन्होंने कहा कि हर वयस्क व्यक्ति को अलग कुटुंब परिवार मानकर विस्थापन किया जाए, ताकि न्यायपूर्ण पुनर्वास सुनिश्चित हो। धरना प्रदर्शन करने वालों में ध्यान सिंह सजवान, धर्मेंद्र सिंह सजवान, राम सिंह सजवान, युद्धवीर सिंह, विक्रम सिंह, गोपाल सिंह, हुकम सिंह पवार, विमला, उर्मिला, कमला, लक्ष्मी, सुशीला, दिनेश, राजेश्वरी, ममता, खेम सिंह, नरेंद्र सिंह आदि उपस्थित रहे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

