आजमगढ़ ,11 नवंबर(आर एन एस)जनपद के अहरौला थाना क्षेत्र के अतरडीहा गांव की सीवान में मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे धान का बोझ लेकर ओंगरी नदी पार कर रही 30 वर्षीय महिला की डूबने से मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिवार और ग्रामवासियों में कोहराम मच गया।जानकारी के अनुसार, मृतका रंजना राजभर (30 वर्ष) सुल्तानपुर जिले के अखंडनगर थाना क्षेत्र के मुरादाबाद सरहुरपुर गांव की रहने वाली थी। करीब चार माह से वह अपने मायके, अतरडीहा गांव में पिता तीजू राजभर के घर रह रही थी। मंगलवार को रंजना अपनी भाभी पुष्पा के साथ ओंगरी नदी के उस पार धान की फसल कटाई के लिए गई थी।दोपहर करीब 12 बजे वह सिर पर धान का बोझ लेकर घर लौट रही थी। नदी पार करते समय उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में जा गिरी। डूबती हुई रंजना को देखकर भाभी पुष्पा ने शोर मचाया। आवाज सुनकर आसपास खेतों में काम कर रहे ग्रामीण मौके पर पहुंचे और किसी तरह रंजना को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।घटना की सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी माहुल श्यामकुमार दुबे व थानाध्यक्ष अहरौला प्रदीप कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए मंडलीय चिकित्सालय आजमगढ़ भेज दिया।मृतका अपने पीछे चार वर्षीय पुत्र रियांश को छोड़ गई है। थानाध्यक्ष अहरौला प्रदीप कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला ओंगरी नदी में फिसलने से डूबने का प्रतीत होता है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

