0 थाना कुनकुरी पुलिस की तत्परता से नशे के सौदागर पर फिर कसा शिकंजा
जशपुर, 12 नवंबर (आरएनएस)। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में ऑपरेशन आघात के तहत जशपुर पुलिस द्वारा लगातार नशे के अवैध कारोबारियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में थाना कुनकुरी पुलिस ने 10 लीटर अवैध कच्ची महुआ शराब के साथ एक आरोपी को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, दिनांक 11 नवम्बर 2025 को थाना कुनकुरी पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि कुनकुरी के आजाद मोहल्ला निवासी जुगू (उम्र 40 वर्ष) अपने झोले में प्लास्टिक की जरकिन में अवैध रूप से कच्ची महुआ शराब भरकर गड़ाकाटा क्षेत्र की ओर बिक्री के लिए जा रहा है। सूचना पर थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम तत्काल मौके पर रवाना हुई। गड़ाकाटा के पास मुखबिर द्वारा बताए हुलिए के अनुसार एक संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिया, जिसे रोककर पूछताछ की गई। पूछताछ में उसने अपना नाम जुगू, निवासी आजाद मोहल्ला, कुनकुरी बताया।
पुलिस ने झोले की तलाशी लेने पर सफेद रंग की प्लास्टिक की जरकिन में 10 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद की। आरोपी जुगू से शराब रखने एवं बिक्री के संबंध में वैध दस्तावेज मांगे गए, किंतु वह कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
इस पर पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया और आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में प्रधान आरक्षक गोविंद यादव, हेमलता बुनकर, अलीका पैंकरा, आरक्षक जितेंद्र गुप्ता, गणेश यादव एवं नगर सैनिक अजय श्रीवास्तव की सराहनीय भूमिका रही।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने बताया कि ऑपरेशन आघात के तहत जशपुर पुलिस द्वारा जिले में नशे के अवैध कारोबारियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी है। उन्होंने कहा कि नशे के सौदागरों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा और पुलिस द्वारा ऐसे तत्वों पर सख्त निगरानी रखी जा रही है।
0

