मेरठ 12 नवंबर (आरएनएस )। आज विकास भवन सभागार में जिलाधिकारी डा0 वी0के0 सिंह की अध्यक्षता में मा0 मुख्यमंत्री डैशबोर्ड जिला अनुश्रवण पुस्तिका तथा निर्माण कार्यों की प्रगति समीक्षा हेतु बैठक आहूत की गई। बैठक में जिलाधिकारी द्वारा निर्माण कार्यों की विभागवार समीक्षा करते हुये कार्यदायी संस्थाओ को कार्य में प्रगति लाये जाने के निर्देश दिये गये। उन्होने कहा कि जनपद में निर्माणाधीन परियोजनाओ के लिए नामित किये गये नोडल/जांच अधिकारी के द्वारा दी गई रिपोर्ट का अध्ययन करते हुये कमियो को ठीक किया जाये। जो परियोजनाएं पूर्ण हो चुकी है उनको संबंधित विभाग एवं कार्यदायी संस्था हैण्डओवर किये जाने की कार्यवाही सुनिश्चित करें। उन्होने निर्माणाधीन परियोजनाओ में समयसीमा एवं गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखे जाने के निर्देश दिये।
सीएम डैशबोर्ड/विकास कार्यों की समीक्षा करते हुये जिलाधिकारी द्वारा निर्देशित किया गया कि विभागीय योजनाओ में प्रगति लाई जाये, विभागीय अधिकारियो की शिथिलता के कारण यदि जनपद की रैंक खराब होती है तो संबंधित के विरूद्ध कार्यवाही की जायेगी। उन्होने कहा कि सभी अधिकारी शासन द्वारा निर्धारित समयानुसार कार्यालय में जनसुनवाई करें। सरकार की विभागीय कल्याणकारी योजनाओ से पात्र लाभार्थियो को लाभान्वित किया जाये। उन्होने सडक मार्गों को गडडा मुक्त कराये जाने के निर्देश दिये।
उन्होने पं0 दीन दयाल उपाध्याय सोलर स्ट्रीट लाईट योजना, दशमोत्तर छात्रवृत्ति/शुल्क प्रतिपूर्ति योजना, पूर्वदशम छात्रवृत्ति, एकीकृत बागवानी विकास मिशन, पर ड्राप मोर क्राप-माइक्रोइरीगेशन, खराब ट्रांसफार्मरो की शिकायते, विद्युत बिल में सुधार हेतु आवेदन, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, पीएम कुसुम योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण, मुख्यमंत्री आवास योजना ग्रामीण, मनरेगा, भवन निर्माण, सडक निर्माण, मोबाइल मेडिकल यूनिट, सहकारी दुग्ध समितियां, दिव्यांग पेंशन, जल जीवन मिशन, हर घर जल, फैमिली आईडी, 15वां वित्त आयोग ग्राम पंचायत, स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण फेज-2, आपरेशन कायाकल्प, निपुण परीक्षा आंकलन, पशु टीकाकरण, आदि योजनाओ की समीक्षा कर योजनाओ की रैंकिंग में और सुधार करने हेतु आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिये।
इस अवसर पर सीडीओ नूपुर गोयल, सीएमओ डा0 अशोक कटारिया, पीडीडीआरडीए सुनील कुमार सिंह, उप निदेशक कृषि नीलेश चौरसिया, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी अतुल सक्सैना, डीपीआरओ वीरेन्द्र सिंह, अधिशासी अभियंता प्रांतीय खंड, लो0नि0वि0 सतेन्द्र सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी सुनील कुमार सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी व कार्यदायीं संस्था के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

