संदना/सीतापुर 27 मई (आरएनएस)। विकास खंड गोंदलामऊ की ग्राम पंचायत कुनेरा में विकास कार्यों के नाम पर बड़े घोटाले के आरोप सामने आए हैं। ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान पर खड़ंजा निर्माण में भारी वित्तीय अनियमितता, घटिया सामग्री के इस्तेमाल और मजदूरों का भुगतान रोकने का आरोप लगाते हुए मोर्चा खोल दिया है। ग्रामीणों का कहना है कि डामर रोड से मनोज के घर तक खड़ंजा निर्माण स्वीकृत था, लेकिन निर्माण कार्य निर्धारित स्थान तक पहुंचने से पहले ही रोक दिया गया। आरोप है कि करीब 100 मीटर अधूरा काम छोड़ दिया गया, जबकि सरकारी अभिलेखों में पूरा निर्माण दर्शाकर रकम निकाल ली गई। गांव वालों का यह भी आरोप है कि निर्माण में पीली और बेहद घटिया ईंटों का इस्तेमाल किया गया। बिना मानकों का पालन किए केवल ईंटें बिछाकर खानापूर्ति कर दी गई। मामले ने तब और तूल पकड़ लिया जब निर्माण कार्य में लगे मजदूर भी खुलकर सामने आ गए। मजदूरों ने आरोप लगाया कि कई दिनों तक मेहनत करने के बावजूद अब तक मजदूरी का भुगतान नहीं किया गया है। उनका कहना है कि मजदूरी न मिलने से परिवार चलाना मुश्किल हो गया है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन किया जाएगा। वहीं खंड विकास अधिकारी संदीप कुमार ने कहा कि मामले की जांच कराई जाएगी और दोषी पाए जाने पर कार्रवाई होगी।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

