मेरठ 12 नवंबर (आरएनएस )। जानी थाना क्षेत्र के रहने वाले एक परिवार ने लाखों की उधारी वापस मांगने पर दबंगों द्वारा अपने घर पर हमले का आरोप लगाया है। पीडि़तों का आरोप है कि पुलिस ने इस मामले में मामूली धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
सिसौला बुजुर्ग का रहने वाला निसार अपने घायल परिजनों के साथ बुधवार को एसएसपी ऑफिस पहुंचा। निसार ने बताया कि उसने गांव के रहने वाले एक व्यक्ति को छह लाख की रकम उधार दी थी। आरोप है कि यही रकम वापस मांगने पर मंगलवार को आरोपी और उसके एक दर्जन साथियों ने निसार के घर पर हमला बोल दिया। लाठी-डंडों से लैस हमलावरों ने निसार के बच्चों और घर की महिलाओं सहित भतीजों की भी जमकर पिटाई की। जिसमें कई लोग घायल हो गए। हमले के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए घर पर पथराव करके फरार हो गए। सभी घायलों को पुलिस द्वारा उपचार के लिए सीएचसी ले जाया गया था। लेकिन, तहरीर देने के बावजूद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामूली धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। मुकदमे में जानलेवा हमले की धारा नहीं लगाई गई। जबकि कई लोगों को गंभीर चोटें लगी हैं। पीडि़त पक्ष का आरोप है कि पुलिस ने आरोपियों से सेटिंग कर ली है। अधिकारियों ने मामले में जांच के आदेश दिए हैं।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

