मेरठ 12 नवंबर (आरएनएस )। दहेज लोभी ससुराल वालों ने दो दिन पहले टीपी नगर क्षेत्र में मायके वालों के सामने ही गला दबाकर महिला की हत्या का प्रयास किया। इसके बाद फायरिंग करते हुए फरार हो गए। बुधवार को मूर्छित महिला को कंधों पर लेकर कप्तान ऑफिस पहुंचे मायके वालों ने पुलिस पर कार्यवाही न करने का आरोप लगाया है।
टीपी नगर क्षेत्र की चंद्रशेखर कॉलोनी निवासी अनामिका को एंबुलेंस में लेकर उसके मायके वाले एसएसपी ऑफिस पहुंचे। बेहोश महिला को कंधे पर लेकर उसका भाई अधिकारियों के सामने पेश हुआ। जहां युवक ने बताया कि उसने अपनी बहन अनामिका की शादी वर्ष 2024 में मुजफ्फरनगर निवासी युवक से की थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल वाले दहेज में 10 लाख की डिमांड के लिए अनामिका से मारपीट करते थे। कई बार महिला का गर्भपात भी कराया गया। सोमवार को अनामिका का पति और ससुराल वाले दो गाडिय़ों में बेहोश अनामिका को लेकर टीपी नगर क्षेत्र में बाईपास पर पहुंचे। जहां मायके वालों को भी बातचीत के लिए बुलाया। इसके बाद मायके वालों के सामने ही अनामिका की जमकर पिटाई की और गला दबाकर उसकी हत्या का प्रयास किया। जिसके चलते महिला की हालत बिगड़ गई। वहीं, ससुराल वाले फायरिंग करके फरार हो गए। पीडि़त पक्ष का आरोप है कि उन्हें छह घंटे थाने में बिठाने के बावजूद पुलिस ने कोई कार्यवाही नहीं की। जिसके चलते उन्हें आज एसएसपी ऑफिस आना पड़ा। अधिकारियों ने मामले में कार्यवाही के आदेश दिए हैं।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

