:-राजस्व निरीक्षक एसडीएम के आदेश के बाद भी नहीं पहुंचे जांच करने।
नवाबगंज (गोण्डा) 12 नवंबर। थाना क्षेत्र के खड़ौआ गांव में दबंग प्रवृत्ति के लोगों ने करीब एक दर्जन घरों की नाली बंद कर दी है। इससे ग्रामीणों के घरों में गंदा पानी भर गया है और लोगों का घर में रहना मुश्किल हो गया है। पीडि़त महिलाओं ने मामले की शिकायत एसडीएम से की, लेकिन आदेश के बाद भी राजस्व टीम मौके पर नहीं पहुंची।
गांव की कांती देवी, मीना, प्रेमा, रुक्मिणी, खुशबू और सरोजिनी ने बताया कि उनकी तथा अन्य कई लोगों के घरों से निकलने वाला गंदा पानी मंजू देवी पत्नी अनिल कुमार निषाद ने करीब दो महीने से जबरन रोक दिया है। नाली बंद होने से बरसात और रोजमर्रा के पानी का निकास बंद हो गया है, जिससे घरों में गंदा पानी जमा हो गया है।पीडि़तों ने इस संबंध में स्थानीय थाने में शनिवार को आयोजित समाधान दिवस के दौरान तरबगंज एसडीएम को प्रार्थना पत्र देकर नाली खुलवाने की मांग की थी। एसडीएम ने राजस्व निरीक्षक परशुराम मिश्रा को लेखपाल आलोक श्रीवास्तव, शिवाकांत पांडेय और सियाराम के साथ पुलिस बल लेकर मौके पर जांच कर नाली खुलवाने के निर्देश दिए थे।ग्रामीणों का आरोप है कि विपक्षी के दबाव में राजस्व निरीक्षक मौके पर जांच करने नहीं पहुंचे। कई बार संपर्क करने के बावजूद वह कार्रवाई से बचते रहे। जब वह लोग नाली को खोलने की कोशिश करते हैं तो मंजू देवी व उनके परिवार के लोग मारपीट पर आमादा हो जाते हैं।ग्रामीणों ने यह भी बताया कि मंजू देवी ने हरिजन आबादी की जमीन पर अवैध रूप से मकान बना रखा है। जबकि वह दलित वर्ग से नहीं हैं।इस संबंध में राजस्व निरीक्षक परशुराम मिश्रा ने बताया कि एसडीएम के निर्देश पर टीम गठित की जा रही है और दो दिन में मौके पर जांच कर रिपोर्ट भेजी जाएगी।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

