कुशीनगर, 12 नवम्बर (आरएनएस)। अपर जिलाधिकारी वैभव मिश्रा ने बताया कि उत्तर प्रदेश स्टाम्प (संपत्ति का मूल्यांकन) नियमावली, 1997 के नियम-4 के अंतर्गत, यथासंशोधित 2013 एवं 2015 के प्रावधानों के अनुसार जनपद में मूल्यांकन दर सूची का पुनरीक्षण प्रस्तावित किया गया है। वर्तमान में प्रभावी मूल्यांकन दर सूची का युक्तियुक्त/तर्कसंगत पुनरीक्षण कर इसे बाजार मूल्य के समतुल्य बनाए जाने के विषय में विचार-विमर्श किया जाना प्रस्तावित है। उन्होंने बताया कि प्रस्तावित मूल्यांकन दर सूची तैयार कर आपत्तियों एवं सुझाव प्राप्त करने हेतु इसका पूर्व में प्रकाशन किया गया था। जिसके अंतर्गत दिनांक 18 अक्टूबर से 31 अक्टूबर तक आम जनता से आपत्तियाँ एवं सुझाव आमंत्रित किए गए थे।एडीएम ने बताया कि प्राप्त आपत्तियों एवं सुझावों के अंतिम मूल्यांकन एवं सूची में समाहित किए जाने के दृष्टिगत जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर की अध्यक्षता में संबंधित उपनिबंधक, तहसीलदार, उप जिलाधिकारी तथा सहायक महानिरीक्षक निबंधन की बैठक आगामी 17 नवम्बर को अपराह्न 12:30 बजे कलेक्ट्रेट सभागार कुशीनगर में की जायेगी। बैठक में आपत्तिकर्ता को उनकी आपत्तियों पर सुनवाई हेतु आमंत्रित किया गया है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

