प्रयागराज के मकान पर कार्रवाई, प्रतापगढ़ में हैं कार्यवाहक सपा जिलाध्यक्ष
प्रयागराज 12 नवंबर (आरएनएस )। अखिलेश यादव के करीबी और प्रतापगढ़ के कार्यवाहक सपा जिलाध्यक्ष गुलशन यादव की बुधवार को प्रयागराज के मोतीलाल नेहरू रोड स्थित आलीशान मकान को डुगडुगी बजवाकर कुर्क कर लिया। यह कार्रवाई थाना कुंडा में दर्ज गैंगस्टर एक्ट के तहत की गई है।
इस मामले की विवेचना कर रहे संग्रामगढ़ एसओ सत्येंद्र सिंह भदौरिया बुधवार शाम फोर्स लेकर कर्नलगंज में गुलशन यादव के मकान पर पहुंचे। यह मकान गुलशन और उसकी पत्नी सीमा के नाम पर संयुक्त रूप से है। इसके बाद डुगडुगी बजवाकर मकान पर कुर्की की कार्रवाई संबंधी बोर्ड लगवाकर सांकेतिक रूप से इसे कुर्क कर लिया गया। गैंगस्टर एक्ट की धारा 14 1 के तहत यह कार्रवाई की गई, जिसमें इस संपत्ति को गुलशन की अपराध से अर्जित आय माना गया।
ज्ञात हो कि गुलशन यादव पर 53 आपराधिक मामले दर्ज हैं। इसी क्रम में पुलिस ने उनकी अवैध कमाई से अर्जित मानी जा रही संपत्ति की जांच कर रिपोर्ट शासन को भेजी थी। जांच में पाया गया कि प्रयागराज के मोतीलाल नेहरू रोड स्थित उनका मकान अपराध से अर्जित धन से खरीदा गया है। इसके बाद जिला मजिस्ट्रेट के आदेश पर 4 करोड़ 10 लाख रुपए मूल्य की संपत्ति को कुर्क किया गया। कार्रवाई के दौरान मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। संपत्ति कुर्की से पहले पुलिस ने क्षेत्र में मुनादी (डुगडुगी) कराई और मौके पर कुर्की नोटिस चस्पा किया।
पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई अपराध से अर्जित संपत्ति पर अंकुश लगाने और गैंगस्टर एक्ट की धाराओं के तहत की गई है। नोटिस बोर्ड में यह चेतावनी भी लिखी है कि कुर्क की गई संपत्ति पर अतिक्रमण करने वाले पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

