लखनऊ 12 नवंबर (आरएनएस)। प्रदेश के पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नरेंद्र कश्यप ने डॉ. शकुंतला मिश्रा राष्ट्रीय पुनर्वास विश्वविद्यालय, लखनऊ की छात्रा संजना कुमारी को वल्र्ड पैराएथलेटिक्स चैम्पियनशिप 2025 में कांस्य पदक जीतने पर हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।उन्होंने विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. संजय सिंह, निदेशक (खेल एवं योग प्रकोष्ठ) प्रो. पांडेय राजीवनयन तथा बैडमिंटन कोच इरशाद अहमद को भी इस उपलब्धि के लिए शुभकामनाएं दीं।नरेंद्र कश्यप ने कहा कि संजना जैसी प्रतिभाशाली छात्राएँ दिव्यांगजन सशक्तिकरण का सजीव उदाहरण हैं। उन्होंने न केवल अपनी मेहनत और संघर्ष से अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का झंडा ऊँचा किया है, बल्कि प्रदेश के हजारों युवाओं, विशेष रूप से दिव्यांग विद्यार्थियों को प्रेरणा दी है।संजना कुमारी ने 29 अक्टूबर से 2 नवम्बर 2025 तक इंडोनेशिया में आयोजित इस प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट में भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए महिला युगल वर्ग (एस.3-एन.5) में शानदार प्रदर्शन कर विश्वविद्यालय, उत्तर प्रदेश और देश का नाम गौरवान्वित किया।मंत्री कश्यप ने कहा कि यह उपलब्धि साबित करती है कि परिश्रम, आत्मविश्वास और लगन से कोई भी बाधा सफलता के मार्ग में रुकावट नहीं बन सकती। संजना की यह सफलता न केवल उनके व्यक्तिगत प्रयासों की विजय है, बल्कि प्रदेश में दिव्यांगजन सशक्तिकरण और समावेशी विकास की दिशा में एक प्रेरक उदाहरण भी है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

