लखनऊ 12 नवंबर (आरएनएस)। प्रदेश के पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नरेंद्र कश्यप ने बुधवार को उत्तर प्रदेश सचिवालय के मुख्य भवन स्थित कक्ष संख्या 80 में विभागीय समीक्षा बैठक की। इस बैठक में विभाग की प्रमुख योजनाओं, निर्माण कार्यों, छात्रवृत्ति वितरण, पेंशन भुगतान तथा दिव्यांगजनों के कल्याण से जुड़ी योजनाओं की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई।मंत्री कश्यप ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की देरी स्वीकार्य नहीं होगी। उन्होंने कहा कि विभागीय योजनाओं के लिए आवंटित धनराशि का उपयोग समयबद्ध और पारदर्शी ढंग से किया जाए ताकि पात्र लाभार्थियों को समय पर योजनाओं का लाभ प्राप्त हो सके।बैठक के दौरान उन्होंने आगामी विश्व दिव्यांग दिवस (3 दिसंबर) के अवसर पर विशेष कार्यक्रमों के आयोजन की तैयारियों की समीक्षा की। मंत्री ने निर्देश दिया कि दोनों दिव्यांगजन विश्वविद्यालयों में विशेष आयोजन किए जाएं, साथ ही 3 से 5 दिसंबर तक इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान, लखनऊ में राज्य स्तरीय कार्यक्रम प्रस्तावित किए जाएं। बैठक में यह भी बताया गया कि दिव्यांगजन विश्वविद्यालयों में नामांकन में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है, और नए छात्रावासों के संचालन से इसमें और बढ़ोतरी की संभावना है।
उन्होंने कहा कि दिव्यांग युवाओं की प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के लिए राज्य स्तर की खेल प्रतियोगिता आयोजित की जाए। साथ ही, सभी निर्माण कार्यों की निरंतर मॉनिटरिंग की जाए और गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाए। मंत्री ने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया कि दिव्यांग पेंशन समय से दी जाए तथा प्राप्त शिकायतों का निस्तारण निर्धारित समय सीमा में सुनिश्चित किया जाए।शादी अनुदान योजना, मोटर ट्राइसाइकिल वितरण और दुकान निर्माण योजनाओं की समीक्षा करते हुए मंत्री कश्यप ने कहा कि जनपद स्तर पर दिव्यांग दिवस के अवसर पर मोटर ट्राइसाइकिल वितरण कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। उन्होंने शल्य चिकित्सा शिविरों, परिवहन निगम से समन्वय और बचपन पुनर्वास केंद्रों की नियमित मॉनिटरिंग पर भी बल दिया।पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग की समीक्षा के दौरान मंत्री कश्यप ने कहा कि पात्र छात्रों को समय से छात्रवृत्ति प्रदान की जाए और योजनाओं का प्रचार-प्रसार गांव-गांव तक किया जाए। शादी अनुदान योजना के संदर्भ में उन्होंने कहा कि लंबित आवेदनों का निस्तारण शीघ्र किया जाए, ताकि पात्र जोड़ों को समय पर आर्थिक सहायता प्राप्त हो सके।उन्होंने बताया कि छात्रावासों के अनुरक्षण कार्य प्रगति पर हैं और वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए नए छात्रावासों के प्रस्ताव शासन को शीघ्र भेजे जाएं। मंत्री ने कंप्यूटर प्रशिक्षण (ट्रिपल सी/ओ लेवल) प्राप्त लाभार्थियों को उनके बैंक खातों में शीघ्र धनराशि स्थानांतरित करने के भी निर्देश दिए और कहा कि सभी योजनाओं का फील्ड स्तर पर प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए।मंत्री नरेंद्र कश्यप ने अधिकारियों को सख्त चेतावनी दी कि लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ समय पर मिलना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी स्तर पर लापरवाही या देरी पाए जाने पर उत्तरदायित्व तय किया जाएगा। उन्होंने कहा कि योगी सरकार की मंशा है कि हर जरूरतमंद तक योजनाओं का लाभ बिना भेदभाव और बिना विलंब पहुंचे, ताकि सशक्त, समावेशी और संवेदनशील शासन व्यवस्था की भावना साकार हो सके।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

