लखनऊ 12 नवंबर (आरएनएस)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश में हॉकी का गौरवशाली इतिहास रहा है और यह हमारे लिए गर्व का विषय है कि 14वें एफआईएच हॉकी पुरुष जूनियर विश्व कप की ट्रॉफी आज लखनऊ पहुंची है। उन्होंने कहा कि यह ट्रॉफी न केवल उत्तर प्रदेश के हॉकी प्रेमियों के उत्साह को बढ़ाती है बल्कि प्रदेश की खेल परंपरा के स्वर्णिम अध्याय का स्मरण भी कराती है।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को अपने सरकारी आवास पर आयोजित समारोह में ट्रॉफी का स्वागत एवं अनावरण किया। उन्होंने कहा कि हॉकी इंडिया के तत्वावधान में 14वां एफआईएच हॉकी पुरुष जूनियर विश्व कप आगामी 28 नवम्बर से 10 दिसम्बर 2025 तक तमिलनाडु के चेन्नई और मदुरै नगरों में आयोजित किया जाएगा, जिसमें 24 देशों की टीमें प्रतिभाग करेंगी। भारत के अलावा जापान, चीन, स्पेन, बेल्जियम, न्यूजीलैंड, स्विट्जरलैंड, चिली, आयरलैंड, कनाडा, दक्षिण अफ्रीका, बांग्लादेश, दक्षिण कोरिया, ऑस्ट्रेलिया, फ्रांस, ऑस्ट्रिया, इंग्लैंड, मलेशिया, नीदरलैंड्स, नामीबिया, मिस्र, जर्मनी, अर्जेंटीना और ओमान की टीमें इसमें हिस्सा लेंगी।मुख्यमंत्री ने कहा कि हॉकी इंडिया में उत्तर प्रदेश का योगदान अद्वितीय और अविस्मरणीय है। उन्होंने याद दिलाया कि हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद का जन्म इसी प्रदेश में हुआ था, जिन्होंने भारत को तीन ओलंपिक स्वर्ण पदक दिलाकर देश का मान बढ़ाया। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी स्मृतियों को जीवंत बनाए रखने के लिए मेरठ में मेजर ध्यानचंद स्पोट्र्स यूनिवर्सिटी की स्थापना की गई है, जहां इस वर्ष से पहला शैक्षणिक सत्र प्रारंभ हो चुका है।मुख्यमंत्री ने कहा कि इसी तरह प्रसिद्ध हॉकी खिलाड़ी पद्मश्री के.डी. सिंह ‘बाबूÓ की स्मृतियों को संरक्षित करते हुए बाराबंकी स्थित उनके पैतृक आवास को भव्य संग्रहालय के रूप में विकसित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के अनेक हॉकी खिलाडिय़ों ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का नाम रोशन किया है। इनमें पद्मश्री मोहम्मद शाहिद, अशोक कुमार, रवींद्र पाल, सैयद अली, डॉ. आर.पी. सिंह, सुजीत कुमार, अब्दुल अजीज, सुबोध खंडकर, रजनीश मिश्रा, मोहम्मद शकील, देवेश चौहान, एम.पी. सिंह, जगवीर सिंह, विवेक सिंह, राहुल सिंह, दानिश मुजतबा, ललित उपाध्याय, राजकुमार पाल, प्रेममाया, रंजना श्रीवास्तव, मंजू बिष्ट, पुष्पा श्रीवास्तव, रजनी जोशी, वंदना कटारिया, रितुषा कुमारी आर्या और प्रीति दुबे जैसे खिलाडिय़ों के नाम शामिल हैं।उन्होंने बताया कि वर्तमान में भी उत्तर प्रदेश के कई खिलाड़ी — जैसे राजकुमार पाल, उत्तम सिंह, विष्णुकांत सिंह, मुमताज, साक्षी, ज्योति और पूर्णिमा — भारतीय हॉकी टीम के सीनियर और जूनियर वर्ग में चयनित होकर देश और प्रदेश का गौरव बढ़ा रहे हैं।कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश सरकार खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और खेल सुविधाओं के विस्तार के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि हॉकी के विकास में उत्तर प्रदेश सदैव अग्रणी रहेगा और आने वाले समय में प्रदेश के खिलाड़ी विश्व स्तर पर भारत का झंडा ऊंचा करेंगे।इस अवसर पर खेल एवं युवा कल्याण मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश चन्द्र यादव, सचिव खेल एवं युवा कल्याण सुहास एल.वाई., खेल निदेशक डॉ. आर.पी. सिंह, हॉकी इंडिया के महासचिव भोला नाथ सिंह, डीजी हॉकी इंडिया कमांडर आर.के. श्रीवास्तव, उत्तर प्रदेश हॉकी के महासचिव रजनीश कुमार मिश्रा, अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी ललित उपाध्याय सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

