कोण्डागांव, 17 मई (आरएनएस)। कोण्डागांव के मेला मैदान और साप्ताहिक बाजार में खुलेआम चल रहे खुडखुडिया जुए के खेल पर पुलिस ने ऐसा धावा बोला कि दांव पर लगे नोट, पासे और पर्दे समेत पूरा खेल मौके पर ही बंद हो गया। जिले में अवैध गतिविधियों पर लगाम कसने के अभियान के तहत कोण्डागांव पुलिस ने तीन अलग-अलग मामलों में पांच जुआ संचालकों को गिरफ्तार कर इलाके में हड़कंप मचा दिया। पुलिस अधीक्षक आकाश श्रीश्रीमाल के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कपील चन्द्रा के मार्गदर्शन और एसडीओपी रूपेश कुमार व नरेन्द्र पुजारी के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी निरीक्षक सौरभ उपाध्याय के नेतृत्व में थाना और साइबर सेल की संयुक्त टीम लगातार क्षेत्र में नजर बनाए हुए थी।
इसी दौरान 16 मई 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम कमेला के वार्षिक मेले और सोनाबाल के साप्ताहिक बाजार में कुछ लोग रुपये-पैसों का दांव लगाकर प्रतिबंधित खुडखुडिया जुआ खेला रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने मौके से समधु पोयाम पिता सुकडा पोयाम उम्र 46 वर्ष निवासी कतावण्ड थाना अनंतपुर जिला कोण्डागांव, अशराम पनका पिता राजन पनका उम्र 45 वर्ष निवासी डंगारीगुडा कोईगाम थाना डाबुआ जिला कोण्डागांव, परितोष राय पिता पुलीन चन्द्रा राय उम्र 55 वर्ष निवासी पुरला जिला नवरंगपुर उड़ीसा, पदमन सता पिता हरिबन्धु सता उम्र 43 वर्ष निवासी परसला जिला नवरंगपुर उड़ीसा और बृजलाल सेठिया पिता स्वर्गीय नथलूराम सेठिया उम्र 50 वर्ष निवासी सोनाबाल थाना कोण्डागांव को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से खुडखुडिया गोटा यानी पासा, टोकना, खुडखुडी पर्दा और नगदी 11 हजार 475 रुपये जब्त किए गए। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी मेले और बाजार में भीड़ का फायदा उठाकर लोगों से हार-जीत का दांव लगवा रहे थे। सभी आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 03 के तहत अपराध दर्ज कर मौके पर ही विधिवत गिरफ्तार किया गया। पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी सौरभ उपाध्याय, उप निरीक्षक राजकुमार कोमरा, प्रधान आरक्षक अशोक मरकाम, सतीश चिण्डा, आरक्षक वेदराम चंदेल, महिला आरक्षक नेमा ध्रुव तथा साइबर शाखा के सुरेंद्र बघेल, हरेंद्र कश्यप, संतोष कोड़ोपी, अजय देवांगन, बिरजू सोरी, बलदेव शोरी और रमेश बर्मन की अहम भूमिका रही। फिलहाल, कोण्डागांव पुलिस की इस ताबड़तोड़ कार्रवाई ने साफ संदेश दे दिया है कि अब मेला हो या बाजार, अवैध जुए का कोई भी अड्डा पुलिस की नजरों से बच नहीं पाएगा।
०


