जांजगीर-चांपा, 07 जून (आरएनएस)। जिले में सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने एवं आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से जांजगीर-चांपा पुलिस द्वारा व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान सड़क सुरक्षा मितानों को गोल्डन ऑवर की महत्ता एवं भारत सरकार की राहवीर योजना की विस्तृत जानकारी दी गई।
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) उदयन बेहार के नेतृत्व में यह अभियान जिले के आठ थाना क्षेत्रों में एक साथ संचालित किया गया। इसके तहत थाना जांजगीर, बलौदा, बम्हनीडीह, अकलतरा, पामगढ़, बिर्रा, नवागढ़ एवं मुलमुला पुलिस द्वारा अलग-अलग ग्रामों में विशेष बैठक एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
अभियान के अंतर्गत थाना जांजगीर क्षेत्र के ग्राम धूरकोट, बलौदा के ग्राम चारपारा, बम्हनीडीह के ग्राम पिपरदा, पामगढ़ के सहसा, बिर्रा के ग्राम करही, नवागढ़ के ग्राम केरा एवं मुलमुला के ग्राम कोसा सहित विभिन्न स्थानों पर सड़क सुरक्षा मितानों की बैठक आयोजित की गई।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों ने सड़क सुरक्षा मितानों को यातायात नियमों के पालन, सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं सुरक्षित ड्राइविंग के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही उन्हें भारत सरकार की राहवीर योजना से अवगत कराया गया, जिसके तहत सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति की मदद कर समय पर अस्पताल पहुंचाने वाले नागरिकों को प्रोत्साहन राशि एवं सम्मान प्रदान किया जाता है।
अधिकारियों ने बताया कि दुर्घटना के बाद का पहला गोल्डन ऑवर अत्यंत महत्वपूर्ण होता है, जिसमें यदि घायल को तुरंत चिकित्सा सहायता मिल जाए तो कई जानें बचाई जा सकती हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए नागरिकों से अपील की गई कि वे सड़क दुर्घटना की स्थिति में आगे आकर घायलों की सहायता करें और मानवता का परिचय दें।
पुलिस ने सभी सड़क सुरक्षा मितानों से अनुरोध किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करें तथा सुरक्षित सड़क व्यवहार को बढ़ावा दें।
०


