रायपुर, 01 जुलाई (आरएनएस)। राजधानी रायपुर में हत्या के प्रयास के मामले में फरार चल रहे दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा आजाद चौक थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में दोनों आरोपियों को दबोचा गया। मामले में अन्य फरार आरोपियों की तलाश अभी भी जारी है।
पुलिस के अनुसार, थाना आजाद चौक में वर्ष 2025 में दर्ज हत्या के प्रयास के प्रकरण में घटना के बाद से कई आरोपी फरार थे। गिरफ्तारी से बचने के लिए वे लगातार अपने ठिकाने बदल रहे थे। लंबित गंभीर मामलों की समीक्षा के दौरान पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) संदीप पटेल के निर्देश पर आरोपियों की तलाश तेज की गई।
एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और आजाद चौक थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने मुखबिर तंत्र सक्रिय किया, तकनीकी विश्लेषण किया और संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी। इसी दौरान सूचना मिली कि फरार आरोपी मिनाज खान उर्फ मोईन और शेख सरफरोज शहर में मौजूद हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मिनाज खान उर्फ मोईन (22 वर्ष) निवासी ईदगाहभाठा और शेख सरफरोज (25 वर्ष) निवासी लाखे नगर चौक, थाना आजाद चौक, रायपुर के रूप में हुई है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया शुरू कर दी है। वहीं, इस मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश लगातार जारी है।
०००


