रायपुर 4 जुलाई (आरएनएस ) सिलतरा क्षेत्र के लोगों के लिए अब पुलिस सहायता और भी आसान और तेज हो जाएगी। लंबे समय से पुलिस सहायता केंद्र के रूप में संचालित सिलतरा को अब पूर्ण थाना का दर्जा मिल गया है। रायपुर (ग्रामीण) पुलिस अधीक्षक श्वेता सिन्हा श्रीवास्तव ने नवीन थाना सिलतरा का विधिवत शुभारंभ किया। इस कदम से क्षेत्रवासियों को त्वरित पुलिस सेवा मिलने के साथ कानून-व्यवस्था और अपराध नियंत्रण को भी नई मजबूती मिलेगी।
अब तक थाना धरसींवा के अंतर्गत किराए के भवन में पुलिस सहायता केंद्र के रूप में संचालित सिलतरा को उन्नयन कर औपचारिक रूप से थाना बनाया गया है। पुलिस विभाग का उद्देश्य आम नागरिकों तक पुलिस सेवाओं को अधिक प्रभावी, सुलभ और समयबद्ध तरीके से पहुंचाना है, ताकि शिकायतों का त्वरित निराकरण हो सके और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत बने।
नवगठित थाना सिलतरा के प्रथम थाना प्रभारी के रूप में निरीक्षक राजेंद्र सिंह कंवर को जिम्मेदारी सौंपी गई है। उनके नेतृत्व में थाना क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण और जनता के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने की दिशा में कार्य किया जाएगा।
शुभारंभ कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक झा, उप पुलिस अधीक्षक (माना) लम्बोदर पटेल, थाना प्रभारी धरसींवा राजेंद्र दीवान सहित थाना धरसींवा, थाना सिलतरा और चौकी सिलयारी के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
गौरतलब है कि थाना सिलतरा की शुरुआत केवल एक प्रशासनिक विस्तार नहीं, बल्कि क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। अब स्थानीय लोगों को छोटी-बड़ी पुलिस संबंधी समस्याओं के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा और उन्हें त्वरित पुलिस सहायता उपलब्ध हो सकेगी।




