कांकेर, 07 जुलाईं (आरएनएस)। सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती वर्ष के अवसर पर उत्तर बस्तर कांकेर पुलिस ने अंतागढ़ क्षेत्र में दो दिवसीय जनजागरूकता अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रमों में वरिष्ठ नागरिकों का सम्मान किया गया, वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया तथा विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा, नए आपराधिक कानूनों और राष्ट्रीय एकता के प्रति जागरूक किया गया।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशीष कुमार बंछोर, एसडीओपी शुभम तिवारी और थाना प्रभारी प्रहलाद यादव के मार्गदर्शन में 6 और 7 जुलाई को थाना अंतागढ़ परिसर तथा एकलव्य आवासीय विद्यालय, लामकंहार में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए।
वरिष्ठ नागरिकों को नए कानून और साइबर सुरक्षा की जानकारी
थाना अंतागढ़ में आयोजित सम्मान समारोह में पेंशनरों, वरिष्ठ नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों का सम्मान किया गया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने भारतीय न्याय संहिता, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता और भारतीय साक्ष्य अधिनियम की प्रमुख विशेषताओं की जानकारी दी।
साथ ही ऑनलाइन ठगी, फर्जी लिंक, ओटीपी साझा करने, डिजिटल भुगतान धोखाधड़ी और सोशल मीडिया फ्रॉड से बचाव के व्यावहारिक उपाय बताते हुए सतर्क रहने की अपील की गई।
वृक्षारोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और पुलिस अधिकारियों ने संयुक्त रूप से पौधरोपण किया तथा अधिक से अधिक पेड़ लगाने और उनके संरक्षण का संकल्प लिया। कार्यक्रम में नगर पंचायत अध्यक्ष राधेलाल नाग, पेंशनर समाज अध्यक्ष रामरतन शांडिल्य सहित 100 से अधिक नागरिक मौजूद रहे।
विद्यालय में निबंध और चित्रकला प्रतियोगिता
एकलव्य आवासीय विद्यालय, लामकंहार में लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल का राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता का संदेश विषय पर निबंध एवं चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
साइबर अपराध, चाइल्ड हेल्पलाइन और यातायात नियमों की दी जानकारी
कार्यक्रम में विद्यार्थियों को सुरक्षित इंटरनेट उपयोग, साइबर अपराधों से बचाव, यातायात नियमों का पालन, वित्तीय सुरक्षा, गुड टच-बैड टच, नशे के दुष्प्रभाव, मानव तस्करी, बच्चों से जुड़े नए कानून और चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 की जानकारी भी दी गई।
कांकेर पुलिस ने वरिष्ठ नागरिकों, विद्यार्थियों और शिक्षकों से अपील की कि किसी भी प्रकार की साइबर ठगी, वित्तीय धोखाधड़ी या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस हेल्पलाइन 9479155125 पर दें। पुलिस ने भरोसा दिलाया कि आमजन की सुरक्षा और सहायता के लिए वह हमेशा प्रतिबद्ध है।
०


