रायपुर, 09 जुलाईं (आरएनएस)। राजधानी रायपुर के प्रेस क्लब को आधुनिक सुविधाओं से लैस करने की दिशा में बड़ी पहल शुरू हो गई है। छत्तीसगढ़ शासन द्वारा स्वीकृत एक करोड़ रुपये की राशि से रायपुर प्रेस क्लब भवन के जीर्णोद्धार और आधुनिकीकरण का कार्य जल्द शुरू किया जाएगा। गुरुवार को जनसंपर्क आयुक्त रजत बंसल और रायपुर नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा ने प्रेस क्लब भवन का निरीक्षण कर प्रस्तावित निर्माण कार्यों का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान भवन की वर्तमान स्थिति और भविष्य की जरूरतों का आकलन किया गया। अधिकारियों ने वरिष्ठ पत्रकारों और प्रेस क्लब पदाधिकारियों से चर्चा कर सुझाव भी लिए, ताकि प्रेस क्लब को आधुनिक और सुविधासंपन्न स्वरूप दिया जा सके।
प्रस्तावित योजना के तहत प्रेस क्लब में दो अत्याधुनिक प्रेस कॉन्फ्रेंस हॉल, लाइव डिस्कशन स्टूडियो, गेमिंग जोन, ड्रॉइंग एवं लाउंज हॉल, आधुनिक इंटीरियर, बेहतर बैठक व्यवस्था, जिम हॉल, सुविधायुक्त शौचालय और आकर्षक लैंडस्केपिंग विकसित की जाएगी। इसका उद्देश्य राजधानी के पत्रकारों को आधुनिक संसाधनों से युक्त गरिमामय कार्यस्थल उपलब्ध कराना है।
जनसंपर्क आयुक्त रजत बंसल ने नगर निगम अधिकारियों को जनसंपर्क विभाग और प्रेस क्लब के साथ समन्वय बनाकर निर्माण कार्य शीघ्र शुरू करने के निर्देश दिए। वहीं नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा ने भी परियोजना को प्राथमिकता के आधार पर जल्द शुरू कराने का भरोसा दिलाया।
रायपुर प्रेस क्लब के अध्यक्ष मोहन तिवारी ने कहा कि राजधानी की गरिमा के अनुरूप प्रेस क्लब का आधुनिकीकरण लंबे समय से आवश्यक था। राज्य शासन से मिली स्वीकृति पत्रकार समुदाय के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है और इससे प्रेस क्लब को नया स्वरूप मिलेगा।
निरीक्षण के दौरान प्रेस क्लब के पदाधिकारी, पूर्व अध्यक्ष, वरिष्ठ पत्रकार और नगर निगम के अधिकारी भी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
०


