रायपुर, 09 जुलाईं (आरएनएस)। राजधानी रायपुर के पुराने विधानसभा सभागार में आयोजित यंग इंडियन पार्लियामेंट-2026 में लोकतंत्र की जीवंत तस्वीर देखने को मिली। यंग इंडियंस रायपुर चैप्टर की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में 11 स्कूलों के करीब 150 छात्र-छात्राओं ने भाग लेकर विधानसभा की कार्यवाही का अनुभव प्राप्त किया। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए और विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।
विधानसभा की तर्ज पर आयोजित मॉक पार्लियामेंट में विद्यार्थियों ने सत्ता पक्ष और विपक्ष की भूमिका निभाते हुए विभिन्न क्षेत्रों की समस्याओं, विकास के मुद्दों और जनहित से जुड़े विषयों पर चर्चा की। इस दौरान बच्चों ने प्रश्नोत्तर, बहस, तर्क-वितर्क, विधेयक प्रस्तुत करने और उसे पारित करने जैसी संसदीय प्रक्रियाओं का भी अभ्यास किया।
इस अवसर पर डॉ. रमन सिंह ने विद्यार्थियों को विधानसभा की कार्यप्रणाली, सदन की परंपराओं और जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारियों की जानकारी दी। उन्होंने मुख्यमंत्री और विपक्ष के सदस्य के रूप में अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि लोकतंत्र में सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों की भूमिका समान रूप से महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने सदन की मर्यादा, लोकतांत्रिक मूल्यों और जनप्रतिनिधियों के आचरण से जुड़े नैतिक सिद्धांतों पर भी प्रकाश डाला।
डॉ. रमन सिंह ने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को लोकतांत्रिक व्यवस्था को व्यवहारिक रूप से समझने का अवसर देते हैं। लोकतंत्र केवल मतदान तक सीमित नहीं है, बल्कि संवाद, विचार-विमर्श और जिम्मेदारी की भावना इसकी सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने विश्वास जताया कि इस तरह के कार्यक्रम बच्चों को भविष्य का जागरूक नागरिक और सक्षम नेतृत्वकर्ता बनने के लिए प्रेरित करेंगे।
यंग इंडियंस रायपुर चैप्टर के पदाधिकारियों ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को भारतीय संविधान, संसदीय प्रणाली और लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं से व्यावहारिक रूप से परिचित कराना है, ताकि वे देश के जिम्मेदार नागरिक के रूप में अपनी भूमिका को बेहतर ढंग से समझ सकें।
०



