रायगढ़, 10 जुलाई (आरएनएस)। मानसून के दौरान संभावित बाढ़, जलभराव और प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए रायगढ़ जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारी शुरू कर दी है। कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी मयंक चतुर्वेदी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने शुक्रवार को जिला स्तरीय समीक्षा बैठक लेकर सभी विभागों को राहत-बचाव, स्वास्थ्य, बिजली, जल निकासी और कानून-व्यवस्था को लेकर सतर्क रहने के निर्देश दिए।
बैठक में नगर निगम, राजस्व, स्वास्थ्य, जल संसाधन, विद्युत, पुलिस, नगर सेना समेत सभी संबंधित विभागों की तैयारियों की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने कहा कि मानसून के दौरान जन-धन की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी आपदा की स्थिति में राहत एवं बचाव कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
17 बाढ़ प्रभावित गांवों की होगी विशेष निगरानी
हीराकुंड बांध के जलभराव से प्रभावित 17 चिन्हित गांवों में विशेष मॉनिटरिंग के निर्देश दिए गए हैं। इन गांवों में जलस्तर पर लगातार नजर रखने, समय पर सूचना प्रसारित करने तथा आवश्यकता पडऩे पर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की तैयारी रखने को कहा गया है।
रायगढ़ शहर के 48 वार्डों के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त होंगे
नगर निगम क्षेत्र में मानसून के दौरान त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए 48 वार्डों में अलग-अलग नोडल अधिकारी नियुक्त किए जाएंगे। साथ ही निगम के चारों जोनों के लिए विशेष प्रभारी तैनात किए जाएंगे। नगर निगम को नालों की सफाई, जल निकासी, पंपों की उपलब्धता और आपातकालीन टीमों की सक्रियता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
स्वास्थ्य विभाग हाई अलर्ट पर, डेंगू रोकथाम पर विशेष फोकस
कलेक्टर ने स्वास्थ्य विभाग को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश देते हुए रायगढ़ शहर के वार्ड क्रमांक 17, 19 और 20 में डेंगू नियंत्रण और जनजागरूकता अभियान चलाने को कहा। सभी उप स्वास्थ्य केंद्रों, प्राथमिक एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में पर्याप्त मात्रा में आवश्यक दवाइयों और एंटी स्नेक वेनम उपलब्ध रखने के निर्देश भी दिए गए। साथ ही आकाशीय बिजली और सर्पदंश जैसी घटनाओं से बचाव के लिए विशेष जागरूकता अभियान चलाने पर जोर दिया गया।
24 घंटे संचालित होगी बाढ़ नियंत्रण हेल्पलाइन
किसी भी आपात स्थिति में त्वरित सहायता के लिए जिला प्रशासन ने 24 घंटे संचालित होने वाली बाढ़ नियंत्रण हेल्पलाइन 07762-223750 सक्रिय रखने का निर्णय लिया है। कलेक्टर ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और राहत शिविरों, बचाव दलों तथा आवश्यक संसाधनों की पूर्व तैयारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ अभिजीत बबन पठारे, नगर निगम आयुक्त बृजेश सिंह क्षत्रिय, सीएमएचओ डॉ. अनिल कुमार जगत, सीएसपी मयंक मिश्रा, सहायक कलेक्टर गोकुल आर.के. सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। जिला प्रशासन ने नागरिकों से भी बारिश के दौरान सतर्क रहने और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत प्रशासन से संपर्क करने की अपील की है।
०


