रायगढ़, 11 जुलाईं (आरएनएस)। जिले में होटल, लॉज और गेस्ट हाउसों में सुरक्षा मानकों एवं अनैतिक गतिविधियों की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत रायगढ़ पुलिस ने होटल व्हाइट रोज के संचालक को पुलिस से अभद्र व्यवहार करने और शांति भंग की आशंका के चलते गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।
पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक -शशि मोहन सिंह- के निर्देश पर -10 जुलाई 2026- की शाम थाना साइबर और कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने शहर स्थित -होटल व्हाइट रोज- में औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान होटल में सुरक्षा संबंधी कई आवश्यक व्यवस्थाओं में कमी पाई गई।
पुलिस ने होटल संचालक -सूरज सिंह (28 वर्ष), निवासी फतेहामुड़ा, थाना जूटमिल को सुरक्षा मानकों में तत्काल सुधार करने की समझाइश दी। आरोप है कि इस दौरान संचालक पुलिस टीम से अभद्र व्यवहार करने लगा और समझाने के बावजूद उसका रवैया आक्रामक बना रहा।
इसके बाद पुलिस उसे कोतवाली थाना लेकर पहुंची, जहां भी उसके व्यवहार में सुधार नहीं आया। संज्ञेय अपराध और शांति व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका को देखते हुए पुलिस ने -भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 170- के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया। साथ ही -धारा 126 एवं 135(3) बीएनएसएस- के तहत इस्तगासा तैयार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।
रायगढ़ पुलिस ने बताया कि जिले के सभी होटल, लॉज और गेस्ट हाउसों में सुरक्षा मानकों के पालन, आगंतुकों के सत्यापन और अनैतिक गतिविधियों पर रोक लगाने के उद्देश्य से जांच अभियान लगातार जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने या पुलिस कार्रवाई में बाधा डालने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक -शशि मोहन सिंह- ने कहा कि होटल संचालकों को सुरक्षा मानकों का पालन करना अनिवार्य है और कानून व्यवस्था प्रभावित करने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
०


