जांजगीर-चांपा, 11 जुलाईं (आरएनएस)। सड़क सुरक्षा के प्रति विद्यार्थियों और आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से जांजगीर-चांपा पुलिस ने जिले के विभिन्न स्कूलों में विशेष यातायात जागरूकता अभियान चलाया। अभियान के दौरान छात्रों को सड़क सुरक्षा के नियमों की जानकारी देते हुए हेलमेट लगाओ, जीवन बचाओ– का संदेश दिया गया।
पुलिस अधीक्षक -विजय कुमार पाण्डेय (आईपीएस)- के निर्देशन एवं सामुदायिक पुलिसिंग अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रम अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) -उदयन बेहार- के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
इस दौरान -सरस्वती शिशु मंदिर, चांपा-, -लायंस स्कूल, चांपा-, -ग्राम तिलाई के शासकीय विद्यालय- तथा -डस्टिनेशन स्कूल, जांजगीर- में यातायात जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम में निरीक्षक -सुभाष चौबे-, -जयकुमार साहू-, -लालन पटेल- तथा एएसआई -सुरेंद्र सिंह क्षत्रिय- ने छात्रों को सड़क सुरक्षा के महत्वपूर्ण नियमों की जानकारी दी।
पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों को सड़क पार करने के सुरक्षित तरीके, ट्रैफिक सिग्नल और यातायात संकेतों का महत्व, हेलमेट एवं सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग, दोपहिया वाहन पर तीन सवारी नहीं बैठाने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग नहीं करने की सलाह दी। साथ ही नाबालिग बच्चों को वाहन नहीं चलाने की समझाइश भी दी गई।
कार्यक्रम में छात्रों को बताया गया कि सड़क पर छोटी-सी लापरवाही भी गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती है। इसलिए प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है कि वह स्वयं यातायात नियमों का पालन करे और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करे।
पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि दोपहिया वाहन चलाते समय हमेशा हेलमेट और चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का उपयोग करें, नशे की हालत में वाहन न चलाएं, ओवरस्पीडिंग और मोबाइल फोन का उपयोग करते हुए वाहन चलाने से बचें तथा सभी यातायात नियमों का पालन कर सुरक्षित यातायात व्यवस्था में सहयोग करें।
०


