रायपुर, 11 जुलाई (आरएनएस)। अपराध नियंत्रण, जन-जागरूकता और दोपहिया वाहन चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने शुक्रवार को शहरभर में विशेष सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया। यह अभियान सुबह 10:30 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक शहर के सभी थाना क्षेत्रों में एक साथ संचालित किया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में आयोजित इस अभियान में शहर के सभी थाना प्रभारियों, थाना पुलिस तथा यातायात पुलिस के अधिकारियों और कर्मचारियों ने भाग लिया। शहर के 35 से अधिक प्रमुख चौराहों एवं स्थानों पर एक साथ चेकिंग प्वाइंट बनाकर दोपहिया सहित अन्य वाहनों की गहन जांच की गई।
जांच के दौरान बिना नंबर प्लेट वाले वाहन, निर्धारित मानकों के अनुरूप नंबर प्लेट नहीं लगे वाहन, संदिग्ध परिस्थितियों में संचालित वाहन, आवश्यक दस्तावेजों के बिना चल रहे वाहन तथा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों की विशेष रूप से जांच की गई। पुलिस ने वाहन चालकों को वैध दस्तावेज साथ रखने, मानक के अनुरूप नंबर प्लेट लगाने तथा यातायात नियमों का पालन करने के संबंध में जागरूक भी किया।
अभियान के दौरान पुलिस ने 850 से अधिक दोपहिया एवं अन्य वाहनों की जांच की। जांच में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 87 वाहन चालकों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई।
रायपुर पुलिस ने बताया कि इस प्रकार के विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे, ताकि वाहन चोरी जैसी घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण के साथ-साथ लोगों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाई जा सके।
०


