-भारत की स्वतंत्रता के अग्रदूतों में एक थे बिरसा मुंडा: कुलपति
अयोध्या,15 नवंबर (आरएनएस)। आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय के सामुदायिक विज्ञान महाविद्यालय में भगवान बिरसा मुंडा की जयंती धूमधाम के साथ मनाई गई। कुलपति डा. बिजेंद्र सिंह एवं अन्य अतिथियों ने बिरसा मुंडा के चित्र पर माल्यार्पण किया। इस मौके पर छात्र- छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम के जरिए आदिवासी सभ्यता को सबके समक्ष प्रदर्शित किया।
कुलपति डा. बिजेंद्र सिंह ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा स्वतंत्रता सेनानी होने के साथ-साथ आदिवासी नेता एवं समाज सुधारक भी थे। बिरसा मुंडा ने आदिवासी आंदोलन की शुरुआत की और सभी को संगठित करके उनके अधिकारों को लेकर लडऩे के लिए प्रेरित किया और उनके हकों को दिलाया। उन्होंने ब्रिटिश सरकार के खिलाफ लड़ाई लड़ी। बिरसा मुंडा केवल एक जनजातीय नायक ही नहीं बल्कि भारत की स्वतंत्रता के अग्रदूतों में से एक थे।
छात्र कल्याण अधिष्ठाता डा. डी. नियोगी ने कहा कि बिरसा मुंडा की विरासत आज भी आदिवासी समुदाय के लिए प्रेरणा का स्त्रोत है। उन्होंने आदिवासी समुदाय के अधिकारों के लिए लड़ाई लड़ी और उन्हें अपने जमीन और संसाधनों पर अधिकार दिलाने के लिए काम किया। कृषि अधिष्ठाता डा. डी.के सिंह ने कहा कि बिरसा मुंडा का आदिवासी आंदोलन भारतीय स्वतंत्रता संग्राम का एक महत्वपूर्ण हिस्सा था। इस मौके पर विवि के छात्र-छात्राओं ने नृत्य एवं संगीत के जरिए आदिवासी धरोहर एवं बिरसा मुंडा के किए गए कार्यों को प्रदर्शित किया। छात्र कल्याण अधिष्ठाता डा. डी. नियोगी के संयोजन में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का संचालन डा. सुप्रिया एवं अतिथियों के प्रति धन्यवाद ज्ञापन डा. साधना सिंह ने किया। इस मौके पर विवि के समस्त अधिष्ठाता, निदेशक, शिक्षक, कर्मचारी एवं छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

