-डीएम-एसएसपी ने सम्पूर्ण समाधान दिवस में सुनी फरियाद
अयोध्या,15 नवंबर (आरएनएस)। जिलाधिकारी निखिल टीकाराम फुंडे व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डा. गौरव ग्रोवर की उपस्थिति में तहसील मिल्कीपुर के सभागार में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी ने समाधान दिवस के दौरान व्यक्तिगत रूप से प्रत्येक फरियादी की बात ध्यानपूर्वक सुनी और संबंधित अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि वे गंभीरता व संवेदनशीलता से जनता की शिकायतों को सुनें और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करें। तहसील मिल्कीपुर में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान विकासखण्ड मिल्कीपुर के ग्राम पंचायत चिरौली पूरे सूबेदार के शिकायतकर्ता ने चकमार्ग को पटवाये जाने का आवेदन दिया था, जिसमें जिलाधिकारी ने तहसीलदार को जांच कर न्यायोचित कार्यवाही करने के निर्देश दिये। शिकायतकर्ता ग्राम पंचायत सराय धनेठी ने फर्जी वसीयत कराये जाने की शिकायत, शिकायतकर्ता ग्राम पंचायत पलिया मु0 कुचेरा ने श्मशान की जमीन पर हरे पेड़ कटाने की शिकायत व शिकायतकर्ता ग्राम पंचायत सिधौंना ने भूमि पर जबरन कब्जे की शिकायत की थी, जिसमें जिलाधिकारी ने उक्त बिन्दुओं की न्यायोचित जांच करने के निर्देश दिये। इसी क्रम में शिकायतकर्ता ग्राम पंचायत रनापुर विकासखण्ड हरिग्टनगंज ने खड्ंजा मरम्मत कराये जाने का आवेदन तथा एक अन्य शिकायतकर्ता ग्राम पंचायत हिसामुद्दीनपुर ने सरकारी नल पर अवैध अतिक्रमण हटाने की शिकायत की थी जिसमें जिलाधिकारी ने खण्ड विकास अधिकारी को जांच कर न्यायोचित कार्यवाही करने के निर्देश दिये। जिलाधिकारी ने मिल्कीपुर सम्पूर्ण समाधान दिवस में आज कुल 186 शिकायतें प्राप्त हुई, जिसमें से 11 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। जिलाधिकारी ने सम्बंधित विभाग के अधिकारियों को मा0 मुख्यमंत्री जी के निर्देशानुसार सुबह 10 बजे से 12 बजे तक अपने कार्यालय में उपस्थित रहकर जनता की समस्याओं का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करें। तहसील दिवस में मुख्यत: राजस्व, भूमि विवाद, जल आपूर्ति, शिक्षा, स्वास्थ्य, राशन, पेंशन आदि से संबंधित अधिकतर शिकायतें प्राप्त हुईं, इसके निस्तारण हेतु संबंधित विभाग के अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण व समयबद्ध ढंग से निस्तारण के निर्देश दिए गए। सम्पूर्ण समाधान दिवस में जिला विकास अधिकारी, उपजिलाधिकारी मिल्कीपुर, जिला पूर्ति अधिकारी, क्षेत्राधिकारी, खण्ड विकास अधिकारी, तहसीलदार व अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

