जशपुरनगर, 16 नवंबर (आरएनएस)। जशपुर जिले में मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाने के उद्देश्य से चल रही गर्भवती महिलाओं हेतु विशेष योगाभ्यास परियोजना को और सुदृढ़ करने के लिए एक दिवसीय समीक्षा एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कलेक्टर रोहित व्यास के मार्गदर्शन में संचालित यह पायलट परियोजना छत्तीसगढ़ योग आयोग, यूनिसेफ एवं जिला प्रशासन के संयुक्त प्रयासों से पिछले तीन वर्षों से सफलतापूर्वक कार्यान्वित हो रही है।वशिष्ठ कम्युनिटी हॉल में आयोजित इस कार्यक्रम में परियोजना से जुड़े योग मित्रों को छत्तीसगढ़ योग आयोग के वरिष्ठ मास्टर ट्रेनरों ने गर्भावस्था की अलग-अलग तिमाहियों के अनुसार उपयुक्त योग तकनीकों का प्रशिक्षण दिया, ताकि वे गर्भवती महिलाओं को और बेहतर ढंग से मार्गदर्शन प्रदान कर सकें।इस विशेष योग कार्यक्रम का प्रभाव हाई-रिस्क गर्भवती महिलाओं पर विशेष रूप से देखा जा रहा है। योगाभ्यास से सामान्य प्रसव में सहायता मिल रही है तथा कई महिलाएं इसके प्रत्यक्ष लाभ से सशक्त हो रही हैं। यह प्रकल्प वर्तमान में जिले के 50 उप-स्वास्थ्य केंद्रों में सक्रिय रूप से चल रहा है।प्रशिक्षण कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जी.एस. जात्रा, छत्तीसगढ़ योग आयोग रायपुर के रविकांत कुंभकार, राज्य परियोजना समन्वयक डॉ. ज्योति साहू, मास्टर ट्रेनर रश्मी पटेल एवं जिला योग समन्वयक अशोक कुमार यादव उपस्थित रहे।
००००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

