रुड़की,16 नवंबर (आरएनएस)। मंगलौर क्षेत्र में शनिवार दोपहर एक सड़क हादसे में कुंभ मेले में तैनात सहायक अभियंता की कार को एक तेज रफ्तार लोडर ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में कार क्षतिग्रस्त हो गई। घटना के बाद ट्रक चालक ने फरार होने की कोशिश की लेकिन पुलिस ने उसे पकड़ा लिया। पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है। हादसा मंगलौर के कुरड़ी गांव के पास मुख्य मार्ग पर हुआ। कुंभ मेले में तैनात सहायक अभियंता धर्मेंद्र कुमार उस समय अपने कार्य के सिलसिले में मंगलौर स्थित भारतीय स्टेट बैंक पहुंचे थे। बैंक में काम निपटाने के बाद वह वापस लौट रहे थे। रास्ते में एक पेट्रोल पंप के पास कट बंद होने के कारण उन्हें लिब्बरहेडी गांव के सामने वाले चौराहे से वापस लौटना था। अचानक उन्हें सामने से लोडर ट्रक तेज स्पीड में आता दिखा। कुरड़ी गांव के मुख्य रास्ते पर पहुंचते ही ट्रैफिक जाम हो गया। इसी दौरान आरोपी चालक ने अपने ट्रक को तेजी से ओवरटैक करने के चक्कर में उनकी कार में जोरदार टक्कर मार दी। पुलिस के मौके पर पहुंचने से पहले ही ट्रक चालक ने भागने की कोशिश की। पुलिस व स्थानीय लोगों की मदद से आरोपी चालक को पकड़ लिया। इंस्पेक्टर अमरजीत सिंह ने बताया कि सहायक अभियंता धर्मेंद्र कुमार की तहरीर पर आरोपी चालक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

