किंशासा ,18 नवंबर। डेमोक्रेटिक रिपब्लिक ऑफ कांगो से एक विमान दुर्घटना का भयावह वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें एक विमान रनवे पर उतरते ही आग के गोले में तब्दील होता दिख रहा है। यह विमान कांगो के खनन मंत्री लुईस वाटम काबाम्बा का था, जो कोलवेज़ी हवाई अड्डे पर उतरते समय दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
डेली मेल की रिपोर्ट के मुताबिक, इस विमान में मंत्री काबाम्बा के साथ शीर्ष अधिकारियों का एक प्रतिनिधिमंडल भी सवार था। जिस विमान में आग लगी, वह एम्ब्रेयर ईआरजे-145एलआर (पंजीकरण डी2-एजेबी) था, जिसे एयरजेट अंगोला द्वारा संचालित किया जा रहा था। विमान ने किंशासा से लुआलाबा प्रांत के कोलवेजी के लिए उड़ान भरी थी।
रिपोर्टों के अनुसार, सोमवार को कोलवेजी के रनवे 29 पर उतरते ही विमान रनवे से बाहर चला गया, जिससे उसका मुख्य गियर टूट गया। इसके बाद विमान रनवे से बाहर जाकर पलट गया और उसकी पूंछ (पिछले हिस्से) में भीषण आग लग गई।
सोशल मीडिया पर इस घटना के रोंगटे खड़े कर देने वाले वीडियो वायरल हो रहे हैं। एक वीडियो में विमान से आग की भीषण लपटें और घना धुआं उठता देखा जा सकता है, जबकि हवाई अड्डे के कर्मचारी पानी की नली से आग बुझाने का असफल प्रयास कर रहे हैं।
एक अन्य वीडियो में विमान के अंदर मची अफरातफरी को दिखाया गया है। घबराए हुए यात्री बाहर निकलने के लिए संघर्ष कर रहे हैं। इस हड़बड़ी में कुछ लोग गिरते-पड़ते दिख रहे हैं, वहीं कुछ लोग अपनी जान बचाने के लिए खिड़की से बाहर कूदकर भागते नजर आए।
मंत्री के संचार सलाहकार, इसहाक न्येम्बो ने पुष्टि की कि विमान कोलवेज़ी हवाई अड्डे पर उतरते समय रनवे से उतर गया था। हालांकि, इस भीषण दुर्घटना में चमत्कारिक रूप से यात्रियों और चालक दल के किसी भी सदस्य की मृत्यु नहीं हुई। बताया जा रहा है कि आग लगने से पूरा जेट विमान जलकर नष्ट हो गया। फिलहाल, जांचकर्ता दुर्घटना के असल कारणों का पता लगाने में जुटे हैं।
खनन मंत्री का यह प्रतिनिधिमंडल कोलवेजी के निकट कालोंडो खदान जा रहा था। इसी खदान पर 15 नवंबर को भारी बारिश के कारण एक पुल ढह गया था, जिसमें दर्जनों श्रमिकों की मौत हो गई थी।
00

