ईरान ,18 नवंबर। भारतीय पासपोर्ट धारकों के लिए ईरान से जुड़ी एक महत्वपूर्ण जानकारी सामने आई है। ईरान ने आम भारतीय पासपोर्ट वालों के लिए वीजा छूट सुविधा को 22 नवंबर से निलंबित कर दिया है। इसकी पुष्टि भारत के विदेश मंत्रालय ने की।
मंत्रालय के अनुसार, कई मामलों में भारतीय नागरिकों को रोजगार और पारगमन के झूठे वादों के आधार पर ईरान ले जाया जा रहा था। वहां पहुंचने पर कुछ लोगों के साथ फिरौती के लिए अपहरण जैसी गंभीर घटनाएं भी सामने आईं। इसी दुरुपयोग को रोकने के लिए ईरान ने वीजा छूट बंद करने का फैसला लिया है।
अब ईरान जाने के लिए आम भारतीय पासपोर्ट धारकों को वीजा लेने की आवश्यकता होगी। मंत्रालय ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि कोई भी एजेंट अगर वीजा-मुक्त यात्रा या ईरान के रास्ते किसी तीसरे देश तक पहुंचाने का दावा करे, तो उससे दूर रहें।
गौरतलब है कि रोजगार की तलाश में कई भारतीय ईरान जाते हैं, लेकिन एजेंटों द्वारा गुमराह करने के मामले लगातार बढ़ रहे हैं, जिसके चलते सरकार ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।
00

