कंस्ट्रक्शन वर्क के लिए एक परसेंट कमीशन मांगा
प्रयागराज 18 नवंबर (आरएनएस )। विजिलेंस टीम ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए सिंचाई विभाग में तैनात ड्राफ्टमैन जितेन्द्र कुमार को 11 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया। आरोप है कि वह ई-टेंडर से जुड़े दस्तावेज और अनुबंध पत्र तैयार करने के बदले पैसे की मांग कर रहा था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शिकायत मो. रिजवान, निवासी न्यू मेहंदौरी ने दी थी। उन्होंने बताया कि उनके भतीजे मो. गुफरान की मो. गुफरान कंस्ट्रक्शन नाम से फर्म है, जिसका काम वह देख रहे हैं। फर्म ने सोरांव रजवाहा निर्माण कार्य के लिए ई-टेंडर में 39.93 प्रतिशत कम रेट देकर पहला स्थान हासिल किया था। इसके बाद सभी जरूरी दस्तावेज, एफडीआर और स्टाम्प जमा कर दिए गए।
रिजवान के मुताबिक 13 नवंबर को ड्राफ्टमैन जितेंद्र कुमार ने अनुबंध पत्र तैयार करने के बदले एक प्रतिशत कमीशन यानी 11 हजार रुपये की मांग की। कई बार आग्रह करने पर भी वह रिश्वत लेने पर अड़ा रहा। इसके बाद मामला विजिलेंस के पास पहुंचा। विजिलेंस टीम ने शिकायत की गुप्त जांच की, आरोप सही पाए। इसके बाद 18 नवंबर को सिंचाई खंड प्रथम कार्यालय, प्रयागराज में दबिश देकर ड्राफ्टमैन जितेंद्र कुमार को 11 हजार रुपये लेते समय पकड़ लिया।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

