लोन दिलाने का झांसा दिया था पैसा
प्रयागराज 18 नवंबर (आरएनएस )। सरायममरेज थाना क्षेत्र में एक आशा वर्कर को 12 लाख रुपये का लोन दिलाने के नाम पर 1.85 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पीडि़ता का आरोप है कि उसे न तो लोन मिला और न ही उसके पैसे वापस किए गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सरायममरेज थाना अंतर्गत रिथुआ गांव की निवासी दुर्गावती एक पैर से दिव्यांग हैं। उनके पति का निधन लगभग आठ साल पहले हो गया था। दुर्गावती आशा वर्कर के रूप में काम करती हैं और उनके दो बेटे व एक बेटी है।
दुर्गावती ने आरोप लगाया है कि वारी गांव के देवी चरण गौतम ने उन्हें 12 लाख रुपये का लोन दिलाने का वादा किया था, जिसमें से आधी राशि माफ कराने की बात भी कही थी। इस एवज में देवी चरण ने दुर्गावती से किस्तों में कुल 1.85 लाख रुपये ले लिए। यह राशि दुर्गावती ने गांव के अन्य लोगों से इक_ा की थी। लगभग एक साल बीत जाने के बाद भी दुर्गावती को न तो लोन मिला और न ही उनके पैसे वापस किए गए। बार-बार पैसे मांगने पर आरोपी टाल-मटोल करता रहा। पीडि़ता ने इसकी शिकायत सरायममरेज थाने में दर्ज कराई थी, जिसके बाद आरोपी ने 20 दिन में पैसे लौटाने की मोहलत मांगी थी। हालांकि, निर्धारित समय बीत जाने के बाद भी पैसे वापस नहीं मिले, जिसके बाद पीडि़ता ने दोबारा थाने में शिकायत दर्ज कराई है। वहीं, इस मामले में आरोपी देवी चरण गौतम का कहना है कि उसने महिला से कोई पैसा नहीं लिया है और उसे गलत तरीके से फंसाया जा रहा है। उसका दावा है कि पैसे सैदाबाद के शिव सिंह सिंघानिया ने लिए थे और उसने केवल पीडि़ता की जान-पहचान कराई थी।
फिलहाल, दिव्यांग आशा वर्कर दुर्गावती ने न्याय के लिए अब उच्चाधिकारियों से गुहार लगाई है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

