लखनऊ 18 नवंबर (आरएनएस )। ठाकुरगंज थाना क्षेत्र स्थित मेहता बिहार कॉलोनी में एक परिवार के घर में उस समय चोरी की घटना सामने आई, जब वह परिवार राजस्थान से वापस लौटा। वादी शोएब पुत्र चाँद, निवासी लकड़मंडी थाना सआदतगंज ने 17 नवंबर 2025 की रात लगभग 11:39 बजे थाना स्थानीय पर लिखित सूचना देकर बताया कि वह अपने परिवार के साथ मेहता बिहार स्थित किराए के मकान में रहता है। वह 15 नवंबर को अपने परिवार के साथ राजस्थान गया था।
उन्होंने बताया कि 16 नवंबर को उनके मकान मालिक मोहम्मद बेग ने दूरभाष पर उन्हें सूचित किया कि उनका कमरा खुला हुआ है और घर के दरवाजे की स्थिति संदिग्ध लग रही है। यह सूचना मिलने के बाद वादी 17 नवंबर की सुबह करीब 10:30 बजे अपने मकान पर पहुँचा, जहाँ उसने देखा कि उसकी अलमारी खोली गई है और उसमें रखे कीमती जेवरात—पीली तथा सफेद धातु से बने आभूषण—सहित नकदी को अज्ञात चोर चोरी कर ले गए हैं। घर के भीतर बिखरा सामान और टूटी अलमारी साफ संकेत दे रही थी कि चोरी योजनाबद्ध तरीके से की गई थी।घटना की जानकारी पाकर पुलिस ने प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए वादी की सूचना पर तत्काल कार्रवाई शुरू की। चोरी की इस वारदात के संबंध में थाना स्थानीय पर मुकदमा संख्या 716/2025 धारा 305/333 बीएनएस में अज्ञात चोरों के विरुद्ध अभियोग पंजीकृत कर आवश्यक विधिक कार्यवाही की जा रही है। पुलिस टीम आसपास के सीसीटीवी फुटेज, संदिग्ध गतिविधियों और स्थानीय सूचना तंत्र की मदद से चोरों की तलाश में जुटी है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

