लखनऊ/अमेठी 18 नवंबर (आरएनएस)। रोजग़ार दो–सामाजिक न्याय दो पदयात्रा अपने सातवें दिन भी आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता और राज्य सभा सांसद संजय सिंह के नेतृत्व में अभूतपूर्व जनसमर्थन के साथ आगे बढ़ती रही। मंगलवार सुबह 10 बजे यह पदयात्रा सुल्तानपुर जिले के उतारी स्थित मां भगवती लॉन से शुरू होकर प्रतापगंज बाजार, राघव ढाबा, दुर्गापुर बाजार और रामगंज होते हुए अमेठी के त्रिसुंडी स्थित श्याम वाटिका तक पहुँची। रास्तेभर युवाओं, महिलाओं, किसानों, बुनकरों, मजदूरों, आशा-आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और छोटे उद्यमियों ने संजय सिंह का गर्मजोशी से स्वागत किया। रामगंज पहुंचने पर उन्होंने बौद्ध विहार में भगवान बुद्ध के चरणों में पुष्प अर्पित कर सामाजिक न्याय और समानता के मूल्यों के प्रति अपना संकल्प दोहराया।पदयात्रा के दौरान संजय सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश आज देश का सबसे अधिक बेरोजग़ारों वाला राज्य बन चुका है, जिसका भारी दुष्प्रभाव राज्य के नौजवानों पर पड़ा है। उन्होंने कहा कि बेरोजग़ारी की मार केवल युवाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि किसान, बुनकर, कारीगर और लघु उद्योग से जुड़े लाखों परिवार भी इस संकट का सामना कर रहे हैं। आप सांसद ने आरोप लगाया कि सरकार की गलत और असंवेदनशील नीतियों ने छोटे उद्यमों और परंपरागत व्यवसायों को बर्बादी की कगार पर पहुँचा दिया है। उन्होंने कहा कि जब तक प्रदेश में बराबरी, पारदर्शिता और सामाजिक न्याय को लेकर राजनीतिक प्रतिबद्धता नहीं दिखाई जाएगी, तब तक विकास की वास्तविक दिशा तय नहीं हो सकती।संजय सिंह ने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में दलितों और पिछड़े वर्गों पर अत्याचार के मामले लगातार बढ़े हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार शिकायतों को दबाने में व्यस्त है और पीडि़तों को न्याय दिलाने में विफल साबित हुई है। उनका कहना था कि सत्ता की संरचना में जवाबदेही सुनिश्चित किए बिना कमजोर वर्गों पर हो रहे अत्याचारों को रोक पाना संभव नहीं है।
जैसे ही पदयात्रा प्रतापगंज बाजार पहुँची, वहां शराफत उल्ला अंसारी, मुजीब अहमद, गिरीश तिवारी, उपेंद्र तिवारी, राकेश तिवारी, जुबेर खान और आलोक तिवारी ने संजय सिंह का भव्य स्वागत किया। इसी दौरान बिसानी के प्रधान अनिल यादव के साथ संजय सिंह ने स्थानीय नागरिकों से मुलाकात की और उनकी समस्याओं को विस्तार से सुना। नारायणपुर में पदयात्रा पहुंचने पर हरिशंकर जायसवाल, धर्मेंद्र नाथ शुक्ला, डॉ. मलखान सिंह, सतीश कुमार श्रीवास्तव, राम निरंजन कोरी, राम बहादुर यादव, घनश्याम सोनी, कविता कश्यप, पूजा वर्मा और लक्ष्मी सहित कई लोगों ने फूलमालाओं के साथ उत्साहपूर्ण स्वागत किया।दिनभर के सफर के बाद पदयात्रा अमेठी के त्रिसुंडी स्थित श्याम वाटिका पहुँची, जहां बड़ी संख्या में लोगों ने संजय सिंह और पदयात्रा दल का गर्मजोशी से स्वागत किया। अभियान से जुड़े कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों में पदयात्रा के प्रति गहरा उत्साह देखने को मिला। बुधवार को रोजग़ार दो–सामाजिक न्याय दो पदयात्रा श्याम वाटिका से आगे बढ़ते हुए अमेठी के विभिन्न क्षेत्रों में जनसंपर्क और संवाद के साथ अपने अगले पड़ाव की ओर रवाना होगी।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

