लखनऊ 18 नवंबर (आरएनएस ) उत्तर प्रदेश में खाद्य प्रसंस्करण कार्यों को अधिक सक्षम, सुव्यवस्थित और प्रभावी ढंग से गति देने के लिए शासन ने एक अहम फैसला लेते हुए उद्यान निदेशालय से पृथक खाद्य प्रसंस्करण निदेशालय के गठन की अधिसूचना जारी कर दी है। इस संबंध में आवश्यक पत्र अपर मुख्य सचिव, उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग, बी.एल. मीणा द्वारा जारी कर संबंधित सभी विभागों को भेज दिया गया है। शासन ने स्पष्ट किया है कि निदेशालय के संचालन से जुड़े विषयों पर पृथक विस्तृत शासनादेश भी शीघ्र जारी किया जाएगा।उल्लेखनीय है कि खाद्य प्रसंस्करण निदेशालय की स्थापना के प्रस्ताव को 14 नवंबर को हुई मंत्रि परिषद की बैठक में मंजूरी मिल चुकी थी। यह निर्णय उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य की विशेष पहल पर लिया गया, जिनके आग्रह पर मंत्रि परिषद ने इस महत्वपूर्ण कदम को स्वीकृति प्रदान की।उपमुख्यमंत्री ने निदेशालय गठन के संबंध में संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार सभी आवश्यक कार्यवाही तत्काल प्रभाव से पूरी करने के निर्देश दिए हैं। नया निदेशालय खाद्य प्रसंस्करण उद्योगों के विकास, क्षमता वृद्धि, निवेश प्रोत्साहन और किसानों की उपज के बेहतर मूल्य संवर्धन में पूरी दक्षता के साथ महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।इस निर्णय से प्रदेश में खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र को नई गति मिलने की उम्मीद है, जिससे न केवल किसानों और उद्यमियों को लाभ होगा, बल्कि रोजगार सृजन और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूत आधार मिलेगा।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

