लखनऊ 18 नवंबर (आरएनएस ) कमिश्नरेट में महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण को मजबूत करने के उद्देश्य से मिशन शक्ति 5.0 के तहत व्यापक कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में थाना पारा की पिंक बूथ 25 टीम ने 18 नवंबर 2025 को हंसखेड़ा मोड़, पुराना पारा क्षेत्र में एक जागरूकता अभियान चलाकर महिलाओं और बच्चों को सुरक्षा, साइबर अपराधों से बचाव तथा कानूनी अधिकारों के बारे में विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराई।लखनऊ के पुलिस आयुक्त अमरेन्द्र कुमार सेंगर के निर्देशन में जनपद के 54 थानों में मिशन शक्ति केंद्र स्थापित किए जा चुके हैं, जिनमें निरीक्षक, अतिरिक्त निरीक्षक, उपनिरीक्षक और महिला उपनिरीक्षक की नियुक्ति की गई है ताकि थाने पर आने वाली महिलाओं की समस्याओं का त्वरित निस्तारण किया जा सके।थाना पारा पिंक बूथ टीम की अगुवाई कर रहीं महिला कांस्टेबल पूजा सरोज ने हंसखेड़ा मोड़ पर उपस्थित महिलाओं और बच्चों के साथ संवाद किया तथा उन्हें महिला सुरक्षा से जुड़े विभिन्न पहलुओं से अवगत कराया। इस दौरान महिलाओं के विरुद्ध अपराधों की रोकथाम, साइबर फ्रॉड से बचाव, कानूनी सहायता, महिला हेल्प डेस्क की भूमिका और सरकारी योजनाओं से संबंधित जानकारी साझा की गई। साथ ही यूपी पुलिस के ष्टश्वढ्ढक्र पोर्टल, यूपी कॉप ऐप तथा महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों—1090, 112, 108, 1098 और 1076—के उपयोग और महत्व को भी विस्तार से समझाया गया।कार्यक्रम में लगभग 20–25 महिलाओं और बच्चों ने भाग लिया। उन्हें साइबर अपराधों से बचाव के उपाय, ऑनलाइन धोखाधड़ी की पहचान, और आवश्यक होने पर तुरंत पुलिस से संपर्क करने के तरीके बताए गए। पुलिस टीम ने महिलाओं को आत्मनिर्भर, सजग और सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।मिशन शक्ति के जरिए महिलाओं को अधिकारों, सुरक्षा उपायों और उपलब्ध कानूनी संसाधनों की जानकारी देकर उन्हें सशक्त बनाने का प्रयास लगातार जारी है। थाना पारा का यह जागरूकता कार्यक्रम महिला सुरक्षा के प्रति पुलिस की गंभीरता को दर्शाता है और समुदाय व पुलिस के बीच भरोसे को मजबूत करता है। ऐसे अभियान न केवल महिलाओं को सुरक्षित माहौल प्रदान करने में मदद करते हैं, बल्कि एक जागरूक और संवेदनशील समाज के निर्माण में भी महत्वपूर्ण योगदान देते हैं।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

