-राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के तहत जिले में खुलेंगे दो मुख्यमंत्री मॉडल विद्यालय व एक अभ्युदय विद्यालय
अयोध्या 18 नवंबर (आरएनएस ) जनपद के परिषदीय स्कूल तेजी से बदल रहे हैं। कायाकल्प योजना की रफ्तार बढ़ी है और जिले के सभी स्कूलों को आधुनिक बनाने का मिशन तेज मोड में चल रहा है। बेसिक शिक्षा अधिकारी लालचंद्र के अनुसार अयोध्या में 1791 प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालय हैं। इन स्कूलों में 19 पैरामीटर पर विकास कार्य होना है। विभाग का कहना है कि अब तक 1986 बार अलग-अलग पैरामीटर पर काम पूरा हो चुका है। यानी कई स्कूलों में एक से अधिक सुधार किए गए हैं। 19 में से 16 पैरामीटर पर अधिकांश विद्यालय मानक पूरा कर चुके हैं। कुछ विद्यालय विशेष कारणों से अभी प्रक्रिया से बाहर हैं। पांच स्कूलों में कोर्ट केस चल रहा है, जबकि रुदौली के कैथी स्कूल में बरसात में जलभराव के कारण निर्माण शुरू नहीं हो पाया। वहीं प्राथमिक विद्यालय बंधवा में इस समय तेजी से मरम्मत और विकास कार्य चल रहा है। राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के तहत जिले में दो मुख्यमंत्री मॉडल विद्यालय और एक अभ्युदय विद्यालय खोले जा रहे हैं। मॉडल स्कूलों के लिए जमीन का चयन कर प्रस्ताव भेज दिया गया है। अभ्युदय विद्यालय के लिए उपयुक्त भूमि तलाश जारी है। कायाकल्प योजना का लक्ष्य है। अगले शैक्षणिक सत्र तक सभी स्कूलों को सुरक्षित, आधुनिक और बच्चों के लिए सक्षम वातावरण देना। अयोध्या शिक्षा के नए अध्याय की ओर बढ़ चुका है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

