सारंगढ़-बिलाईगढ़, 19 नवंबर 2025 (आरएनएस )जिले के प्रभारी सचिव एवं श्रम आयुक्त आईएएस हिमशिखर गुप्ता ने मंगलवार को सारंगढ़ ब्लॉक के दानसरा स्थित प्राथमिक, माध्यमिक और हाईस्कूल का निरीक्षण किया। उन्होंने कक्षाओं में पहुंचकर छात्रों से सीधा संवाद किया और उनकी शैक्षणिक क्षमता परखने सवाल पूछे।
निरीक्षण के दौरान प्रभारी सचिव ने कक्षा 9वीं के विद्यार्थियों से अंग्रेजी में बोलने को कहा, लेकिन कोई छात्र आगे नहीं आया। इसके बाद गणित शिक्षक ने गुणा-भाग के सवाल दिए, जिसे एक छात्रा ने ब्लैकबोर्ड पर हल किया। सचिव ने साइकिल वितरण की जानकारी लेते हुए डीईओ से अपडेट मांगा, जिस पर बताया गया कि चार दिन पहले सामग्री प्राप्त हुई है और फिटिंग का काम जारी है।
भ्रमण के दौरान उन्होंने कक्षा 10वीं के बच्चों से भविष्य की योजनाओं के बारे में पूछा—कितने छात्र इंजीनियर, आईपीएस, कलेक्टर, पुलिस या डॉक्टर बनना चाहते हैं। अधिकतर बच्चों ने पुलिस, फौज और डॉक्टर बनने की इच्छा जताई। छात्रों ने बताया कि उन्हें निःशुल्क साइकिल मिल चुकी है और वे साइकिल से स्कूल पहुंच रहे हैं।

सचिव ने मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता, मेनू अनुसार भोजन की तैयारी और रसोईघर की साफ-सफाई का भी निरीक्षण किया। इस दौरान कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे, एसपी आन्जनेय वार्ष्णेय, डीईओ जोईधा राम डहरिया और एसडीएम वर्षा बंसल सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
प्रभारी सचिव ने छात्रों को नियमित पढ़ाई और गणित का दैनिक अभ्यास करने की नसीहत देते हुए कहा कि इससे विषय स्पष्ट होगा और परिणाम बेहतर आएंगे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिले के 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाओं में 90 प्रतिशत परिणाम सुनिश्चित करने सतत प्रयास और प्रभावी शिक्षण व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

