विकासनगर,23 नवंबर (आरएनएस)। बिजली लाइनों की मरम्मत के चलते रविवार को परियोजना क्षेत्र डाकपत्थर समेत करीब 25 गांवों में सात घंटे बिजली गुल रही। बिजली गुल होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। लोगों को पानी के लिए भी तरसना पड़ा। शाम पांच बजे आपूर्ति सुचारु होने के बाद ही लोगों ने राहत की सांस ली। ऊर्जा निगम वर्तमान में फीडरों में मरम्मत का काम कर रहा है। जिसके कारण एक सप्ताह तक अलग अलग क्षेत्रों में बिजली कटौती शुरु कर दी गई है। सोमवार को हरबर्टपुर के टिमली फीडर, जमनीपुर फीडर और टाउन फीडर में मरम्मत कार्य किया गया। बिजली गुल रहने से करीब 45 हजार की आबादी प्रभावित रही। मरम्मत कार्य के कारण सुबह दस बजे से शाम पांच बजे तक बिजली आपूर्ति बाधित रही। डाकपत्थर, कटापत्थर, शिवपुरी, जमना खादर फीडर में मरम्मत कार्य के कारण रविवार को डाकपत्थर, लाईन जीवनगढ़, मेहूवाला खालसा, तेलपुर, अंबाड़ी, डॉक्टरगंज, शिवपुरी, जमुना खादर, बाड़वाला, राजावाला, कटापम्थर, तौली, भूड़, मदर्सू, मटोगी गांवों में आपूर्ति बाधित रही। सुबह दस बजे से पांच बजे तक बिजली न होने के कारण लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। बिजली गुल होने से कई क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति भी ठप रही। डाकपत्थर मुख्य बाजार में शाम पांच बजे बिजली आपूर्ति बहाल हुई लेकिन ग्रामीण क्षेत्रों में छह बजे बाद ही बिजली आपूर्ति बहाल हो पाई। पूरे दिन बिजली नहीं रहने के कारण ओवर हैड टैंकों में पानी नहीं चढ़ पाया, जिससे बिजली कटौती से प्रभावित सभी क्षेत्रों में देर रात पेयजल आपूर्ति भी ठप रही। अधिशासी अभियंता अमित सक्सेना ने कहा कि बिजली कटौती की सूचना उपभोक्ताओं को पहले ही दे दी गई थी।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

