मेरठ 24 नवंबर (आरएनएस) रविवार की रात कोतवाली थाना क्षेत्र में बंगाली कारीगर को नशा सुंघाकर बाइक सवार दो बदमाशों ने 28 लाख का सोना लूट लिया। देर रात पीडि़त टीपी नगर थाना क्षेत्र में सड़क पर बेहोश पाया गया। मामले की जानकारी मिलने पर मेरठ बुलियन ट्रेडर्स एसोसिएशन के महामंत्री विजय आनंद अग्रवाल ने पुलिस को घटना की जानकारी दी। जिसके बाद पुलिस बदमाशों की तलाश में जुटी है।
मेरठ बुलियन ट्रेडर्स एसोसिएशन के महामंत्री विजय आनंद अग्रवाल ने बताया कि रविवार की रात को बंगाली कारीगर नाभा कुमार जाना 220 ग्राम सोने के आभूषण लेकर ठठेरवाड़ा विनायक मंदिर के सामने से गुजर रहा था।
इसी दौरान बाइक सवार दो युवकों ने पता पूछने के बहाने कारीगर को रोक लिया। बातचीत के दौरान बदमाशों ने नाभा कुमार को कुछ सुंघाया। जिसके बाद कारीगर बेहोश हो गया। देर रात नाभा कुमार बेहोशी की हालत में ट्रांसपोर्ट नगर थाना क्षेत्र में दिल्ली रोड पर सड़क पर पाया गया।
मामले की जानकारी मिलने पर विजय आनंद अग्रवाल ने देर रात ही कोतवाली पुलिस को घटना की सूचना दी। पुलिस ने पीडि़त बंगाली कारीगर से पूछताछ की। पीडि़त के मुताबिक लूटे गए सोने की कीमत लगभग 28 लाख रुपए बताई जा रही है। इंस्पेक्टर कोतवाली ने बताया कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरा की फुटेज खंगाली जा रही है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

