विधायक की निष्क्रियता पर उठे सवाल
बल्दीराय/सुल्तानपुर 24 नवंबर (आरएनएस)। जगदीशपुर विधानसभा क्षेत्र के हलियापुर ब्लॉक सहित विभिन्न गांवों में सरकारी नलकूप कई वर्ष से बंद पड़े हैं, जिससे किसानों के फसलों की सिंचाई पूरी तरह ठप हो चुकी है। सरकार हर वर्ष नलकूपों की मरम्मत और संचालन के लिए बजट जारी करती है, लेकिन धरातल पर योजनाएं ‘फाइलों के पन्नोंÓ से बाहर निकल ही नहीं पातीं। नतीजतन, किसानों को सरकारी सुविधा के बजाय निजी ट्यूबवेल और डीजल पंपों पर निर्भर होना पड़ रहा है, जो महंगा सौदा साबित हो रहा है।
क्षेत्र में दक्खिन गांव, मिझूटी, पूरे सुखराज सिंह मौजा डोभियारा, डेहरियांवा, रामपुर बबुआन, हंसूई, मुकुंदपुर, तिरहुत, मेघमऊ, उमरा, जरई, कांपा सहित दर्जनों गांवों में नलकूप वर्षों से खराब पड़े हैं। इन नलकूपों के माध्यम से हजारों बीघा फसल की सिंचाई होनी चाहिए थी, लेकिन बंद पड़े नलकूप किसानों के लिए परेशानी और प्रशासनिक लापरवाही की पहचान बन गए हैं।क्षेत्रीय विधायक इस क्षेत्र से मौखिक लोक प्रियता तो हासिल कर रहे हैं लेकिन आमजनता के मूलभूत समस्याओं को परखने और निवारण के लिए ,निष्क्रिय बने है।लिहाजा क्षेत्र में बिगड़े नलकूप के वजह से किसानों की सिंचाई समस्या जस की तस बनी है।
स्थानीय किसानों का आरोप है कि विधायक सुरेश पासी ने क्षेत्र के आम जनता के इस मूलभूत समस्या पर कभी ध्यान नहीं दिया।नलकूपों की मरम्मत के नाम पर बड़ा बजट आता है, मगर फर्जी वर्क ऑर्डर और कागजी खर्च दिखाकर घोटालेबाजों की जेबें गर्म होती रहती हैं। शासन स्तर पर जिम्मेदार अधिकारी बजट के उपयोग की निगरानी नहीं करते, वहीं क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि भी मूक सहमति में आंखें मूंदे बैठे हैं। सरकार की लाखों रुपये की सिंचाई योजना, भ्रष्ट तंत्र और क्षेत्रीय नेतृत्व की निष्क्रियता की भेंट चढ़ चुकी है। विधानसभा क्षेत्र के विधायक और उनके प्रतिनिधियों की जिम्मेदारी बनती है कि जनता से मिले जनादेश को न्याय दें और विकास योजनाओं को जमीन पर उतारें। लेकिन नलकूपों की दुर्दशा ने विधानसभा के विकास के दावों की पोल खोल दी है। किसानों का कहना है कि यदि समय रहते नलकूप चालू नहीं हुए तो बढ़ती लागत और सिंचाई संकट से उनकी फसल खर्चीली होगी। अब किसान उम्मीद लगाए बैठे हैं कि प्रशासन और विधायक इन मशीनों को ‘शोपीसÓ नहीं, बल्कि ‘जीविका का साधनÓ समझकर जल्द चालू करवाएं, ताकि उनकी मेहनत और फसल बच सके।
इस बाबत बल्दीराय सर्किल के जेई केशवशरण यादव ने बताया कि मुझे यहां का चार्ज लिए डेढ़ महीने हुए हैं। नलकूपों की कमियों को अतिशीघ्र दुरुस्त किया जायेगा।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

