आम आदमी पार्टी की रोजग़ार दो–सामाजिक न्याय दो पदयात्रा का समापन
प्रयागराज 24 नवंबर (आरएनएस) रोजग़ार और सामाजिक न्याय की मांग को लेकर सरयू तट से शुरू हुई आम आदमी पार्टी की 13 दिवसीय पदयात्रा आज प्रयागराज में लोगों के जोरदार स्वागत के बीच निकली। सुबह होटल कोर्टयार्ड विला, एलनगंज से पदयात्रा रवाना हुई। सबसे पहले सांसद संजय सिंह ने संगम घाट पर संकल्प पूजन कर यह संदेश दिया कि युवाओं का संघर्ष और वंचितों के अधिकारों की लड़ाई यहीं खत्म नहीं होगी बल्कि और मजबूत होकर आगे बढ़ेगी। इसके बाद जैसे ही पदयात्रा आगे बढ़ी लोगों ने अभूतपूर्व स्वागत किया।
सिविल लाइंस के पत्थर गिरजाघर के निकट धरना स्थल पर आयोजित जनसभा में आप यूपी प्रभारी एवं राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने कहा कि प्रदेश की भर्ती प्रणाली पूरी तरह चरमरा चुकी है और लाखों युवाओं की मेहनत को संगठित भ्रष्टाचार कुचल रहा है।
संजय सिंह ने बताया कि रविवार को प्रयागराज विश्वविद्यालय के अनेक छात्र-छात्राओं ने उनसे मुलाकात कर अपने मुद्दे सामने रखे, जिनमें परीक्षा अनियमितता, भविष्य की अनिश्चितता और भर्ती ठप होने की चिंता शामिल थी। उन्होंने कहा कि हर छात्र की समस्या संसद तक उठाई जाएगी और समाधान तक लड़ाई जारी रहेगी।
उन्होंने इस यात्रा को सामाजिक न्याय और रोजगार की दिशा में एक ऐतिहासिक शुरुआत बताते हुए कहा कि यह आंदोलन अब लंबी लड़ाई का आगाज़ बन चुका है, जिसे अंतिम मंजि़ल तक पहुंचाकर ही दम लिया जाएगा। संजय सिंह ने मंच से ऐलान करते हुए कहा कि अभी आठ चरणों में यह पदयात्रा चलेगी।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

