-प्रधानमंत्री के दौरे पर सफाई व्यवस्था को लेकर नगर निगम की सराहना
-महापौर ने नगर निवासियों एवं निगम कर्मियों का जताया आभार
अयोध्या 26 नवंबर (आरएनएस )। एक सप्ताह की कड़ी मेहनत से नगर निगम का कायाकल्प हो गया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दौरे पर महानगर क्षेत्र पूरी तरह साफ-सुथरा नजर आया। यह संभव हुआ नगर निगम के कर्मचारियों की कड़ी मेहनत एवं नगर वासियों के सहयोग के चलते। महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी ने नगर निगम कर्मियों की सराहना की और नगर वासियों का सहयोग के लिए आभार जताया। उन्होंने कहा कि नगर निगम की टीम ने एक सप्ताह के विशेष सफाई अभियान में कड़ी मेहनत की। स्वच्छ नगर बनाने के लिए वह सराहना की हकदार है। महापौर ने नगर वासियों का पालीथिन मुक्त नगर बनाने एवं कचरा निस्तारण में सहयोग के लिए आभार जताया।
नगर आयुक्त श्री जयेंद्र कुमार ने बताया कि नगर में एक सप्ताह विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। सफाई व्यवस्था में जन भागीदारी बढ़ाने के लिए शिक्षाविदों, संतों, होटल व्यवसायियों, वेंडर्स, व्यापारी वर्ग समेत समाज के सभी वर्गों के साथ बैठक कर उनसे सहयोग लिया गया। उन्होंने बताया कि महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी की अगुवाई में इस दौरान एक हजार छात्र-छात्राओं की लता चौक से छोटी देवकाली तक रैली निकाली गई। लता चौक से साकेत अंडरपास तक वाकाथान का आयोजन किया गया। संतों एवं आमजन के साथ ध्वजारोहण उत्सव रैली निकाली गई। नगर निगम के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश कुमार पांडेय ने बताया कि नगर में धार्मिक वातावरण बनाने के लिए रामधुन का प्रसारण शुरू किया गया, जिससे नगर में धार्मिक वातावरण पुष्पित पल्लवित हुआ।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

