-एकजुट होकर संविधान की करनी होगी रक्षा
-संविधान दिवस पर कांग्रेस कार्यालय पर हुई विचार गोष्ठी
अयोध्या 26 नवंबर (आरएनएस )। संविधान दिवस के अवसर पर कांग्रेस कार्यालय कमला नेहरू भवन में एक विचार गोष्ठी का आयोजन जिला तथा महानगर कांग्रेस कमेटी के संयोजन में किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन करते हुए हुई। गोष्ठी की अध्यक्षता जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष चेतनारायण सिंह ने की तथा संचालन महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुनील कृष्ण गौतम ने किया। जिला अध्यक्ष चेतनारायण सिंह ने कहा कि आजादी के बाद बड़ी मेहनत और दूरदर्शिता से तैयार किए गए भारत के संविधान में भारतीय जनता पार्टी लगातार मूल भावना से छेड़छाड़ कर रही है। यह संविधान की आत्मा के साथ अन्याय है और देश की लोकतांत्रिक प्रणाली के लिए गंभीर खतरा है। महानगर अध्यक्ष सुनील कृष्ण गौतम ने कहा कि संविधान दिवस हमें यह याद दिलाता है कि देश बाबा साहब अंबेडकर के विचारों और सिद्धांतों से ही मजबूत होता है। हमें एकजुट होकर संविधान की रक्षा करनी होगी और हर उस प्रयास का विरोध करना होगा जो लोकतांत्रिक मूल्यों को कमजोर करता है।
पूर्व जिला अध्यक्ष राजेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि संविधान भारतीय जनता की आकांक्षाओं का दर्पण है। इसे कमजोर करने की किसी भी साजिश का कांग्रेस पार्टी पुरजोर विरोध करेगी। देश की एकता, अखंडता और सामाजिक न्याय की रक्षा हमारा कर्तव्य है। गोष्ठी में प्रमुख रूप से उमेश उपाध्याय, राजकुमार पांडे, जनार्दन मिश्रा, विजय श्रीवास्तव, डॉ. विनोद गुप्ता, कवींद्र साहनी, बसंत मिश्रा, अनिल सोनकर, विशाल दुबे, सैनिक प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक सुरेंद्र प्रताप सिंह आदि उपस्थित रहे।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

