यातायात माह नवंबर 2025 के अंतर्गत यातायात, मिशन शक्ति एवं साइबर अपराध जागरूकता कार्यक्रम का व्यापक आयोजन
प्रयागराज 26 नवंबर (आरएनएस )। बेथनी कान्वेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल, नैनी एवं सरस्वती बाल विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, नैनी प्रयागराज में पुलिस कमिश्नरेट प्रयागराज एवं उत्तर प्रदेश अपराध निरोधक समिति, लखनऊ शाखा प्रयागराज के संयुक्त तत्वावधान में यातायात माह नवंबर 2025 के अंतर्गत यातायात, मिशन शक्ति एवं साइबर अपराध जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
दोनों विद्यालयों में यह कार्यक्रम एक साथ आयोजित हुआ, जिसमें लगभग 2000 छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं विद्यालय कर्मियों ने सहभागिता की। कार्यक्रम की शुरुआत यातायात निरीक्षक अमित कुमार द्वारा की गई, जिन्होंने सड़क सुरक्षा, हेलमेट व सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग, निर्धारित गति सीमा, ज़ेब्रा क्रॉसिंग, ट्रैफिक सिग्नल के पालन तथा नए यातायात नियमों की जानकारी दी। मिशन शक्ति कार्यक्रम के अंतर्गत उप निरीक्षक सपना यादव ने छात्राओं को आत्मरक्षा, व्यक्तिगत सुरक्षा, सुरक्षित यात्रा, अनजान व्यक्तियों से सतर्कता तथा आपात स्थिति में त्वरित सहायता लेने के तरीकों की बिंदुवार जानकारी दी। साइबर अपराध के विषय पर उप निरीक्षक नेहा चौधरी (थाना नैनी) ने ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, ओटीपी साझा करने के दुष्परिणाम, सोशल मीडिया सुरक्षा एवं डिजिटल लेन-देन में सावधानी बरतने के उपायों पर प्रकाश डाला।
यह कार्यक्रम समिति के चेयरमैन कमलेश श्रीवास्तव के निर्देशन एवं सचिव संतोष कुमार के नेतृत्व में संपन्न हुआ। सचिव ने अपने उद्बोधन में विद्यार्थियों से कहा कि कोई भी कदम उठाने से पूर्व अपने माता-पिता और समाज की प्रतिष्ठा का ध्यान रखें।
बेथनी स्कूल की प्रिंसिपल डॉ. शामिता ने यातायात थाना नैनी के अधिकारियों एवं समिति पदाधिकारियों का पुष्प गुच्छ भेंट कर स्वागत किया। कार्यक्रम व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी मो. साबिर द्वारा निभाई गई। इस अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों को प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित भी किया गया।
द्वितीय कार्यक्रम सरस्वती बाल विद्या मंदिर इंटर कॉलेज नैनी में आयोजित किया गया, जिसकी अध्यक्षता विद्यालय प्रबंधक शिवराम तिवारी द्वारा की गई। यहां भी उत्कृष्ट शिक्षकों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का कुशल संचालन हसन-ए-नकवी (सचिव, पर्यावरण प्रकोष्ठ) द्वारा किया गया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में समिति की ओर से अजीत कुमार सिन्हा, शोएब आलम (नि. जिला विद्यालय निरीक्षक), रामबाबू सिंह (जनसंपर्क अधिकारी), मनीष कुमार विश्वकर्मा (वार्ड ऑफिसर, नैनी), सुधीर कुमार प्रजापति, बलवंत सिंह, संदीप सोनी, सक्षम विश्वकर्मा, संदीप श्रीवास्तव सहित यूथ टीम नैनी का सराहनीय योगदान रहा।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

