आगरा,लखनऊ 26 नवंबर (आरएनएस )। समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित जयप्रकाश नारायण सर्वोदयी विद्यालय, इटौरा एक बार फिर अपनी खेल प्रतिभा से देश का मान बढ़ाने जा रहा है। विद्यालय के प्रतिभाशाली छात्र रमन कुमार और व्यायाम शिक्षक हरीश चंद्र विश्व पावरलिफ्टिंग प्रतियोगिता 2025 में भाग लेने के लिए मंगलवार को कोलंबो (श्रीलंका) रवाना हो गए। यह प्रतियोगिता 28 नवंबर से 30 दिसंबर तक आयोजित होगी, जिसमें 40 से अधिक देशों के खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं।कक्षा 11 के छात्र रमन कुमार सब-जूनियर के 56 किग्रा भार वर्ग में हिस्सा लेंगे, जबकि व्यायाम शिक्षक हरीश चंद्र सीनियर वर्ग के 77 किग्रा भार वर्ग में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे।राष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन के आधार पर दोनों खिलाडिय़ों का चयन हुआ है। गुजरात के मैसाना और सूरत में आयोजित राष्ट्रीय पावरलिफ्टिंग प्रतियोगिताओं में रमन ने सब-जूनियर वर्ग में स्वर्ण पदक जीता, जबकि हरीश चंद्र ने सीनियर वर्ग में स्वर्ण पदक के साथ डेड लिफ्ट में राष्ट्रीय रिकॉर्ड भी बनाया।उनकी इस उपलब्धि पर समाज कल्याण राज्य मंत्री असीम अरुण ने बधाई देते हुए कहा कि अंतरराष्ट्रीय मंच पर विद्यालय के छात्र और शिक्षक का चयन गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि खिलाडिय़ों को बेहतर सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं ताकि वे वैश्विक स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकें। समाज कल्याण विभाग के उपनिदेशक और योजनाधिकारी जे राम ने भी कहा कि विद्यालय के खिलाडिय़ों का अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुँचना प्रशिक्षण, अनुशासन और प्रोत्साहन का परिणाम है।दोनों खिलाड़ी अब देश का परचम ऊंचा करने के उद्देश्य से कोलंबो रवाना हो चुके हैं।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

